ASI के फैसले के बाद भोजशाला में उमड़े श्रद्धालु... गोमूत्र से किया शुद्धिकरण, शुरू की पूजा
एएसआई की नई गाइडलाइन के बाद धार की भोजशाला में पूजा-अर्चना शुरू होते ही भक्तों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला. गर्भगृह में विशेष सजावट, मंत्रोच्चार और सुरक्षा व्यवस्था के बीच पूरे परिसर में उत्सव जैसा माहौल बन गया.

मध्य प्रदेश: एएसआई की नई गाइडलाइन जारी होने के बाद बड़ी संख्या में हिंदू श्रद्धालु मां वाग्देवी की तस्वीरें लेकर भोजशाला पहुंचे और विधि-विधान से पूजा-अर्चना शुरू की. लंबे समय से इस पल का इंतजार कर रहे लोगों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी. मंदिर परिसर में सुबह से ही मंत्रोच्चार गूंजने लगा और भक्त भक्ति में डूबे नजर आए. कई लोगों ने ढोल-नगाड़ों और भजनों के बीच नृत्य कर अपनी खुशी जाहिर की. पूरे इलाके में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला.
पूजा शुरू होने से पहले भोजशाला के गर्भगृह को खास तरीके से सजाया गया. सबसे पहले पूरे स्थान का गोमूत्र से शुद्धिकरण किया गया, जिसके बाद रंगोली बनाकर मंदिर परिसर को आकर्षक रूप दिया गया. श्रद्धालुओं ने मां वाग्देवी की प्रतिमा और तस्वीरों के सामने दीप जलाकर पूजा की. भोजशाला के बाहर स्थित ज्योति मंदिर में भी अखंड ज्योत स्थापित की गई. सुबह सूर्योदय के साथ ही वैदिक मंत्रों का उच्चारण शुरू हुआ और वातावरण पूरी तरह भक्तिमय बन गया. श्रद्धालुओं का कहना था कि यह उनके लिए सिर्फ पूजा नहीं, बल्कि आस्था और विश्वास का विशेष अवसर है.
पूजा में शामिल हुए कई बड़े नेता और संत
इस मौके पर केंद्रीय राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर भी भोजशाला पहुंचीं और पूजा-अर्चना में हिस्सा लिया. उनके साथ मांडू के संत महामंडलेश्वर निसर्ग दास जी महाराज भी मौजूद रहे. प्रशासन की ओर से कलेक्टर राजीव रंजन मीना और एसपी सचिन शर्मा ने भी मंदिर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और पूजा में भाग लिया.
भोज उत्सव समिति के महामंत्री सुमित चौधरी ने बताया कि सुबह से ही हिंदू समाज के लोग और समिति के कार्यकर्ता भोजशाला पहुंचने लगे थे. उन्होंने कहा कि देवी अनुष्ठान की शुरुआत सूर्योदय के साथ ही हो गई थी और दोपहर में महाआरती का आयोजन भी किया गया.
सावित्री ठाकुर ने कही बड़ी बात
केंद्रीय मंत्री सावित्री ठाकुर ने इस मौके पर लोगों को शुभकामनाएं दीं और कहा कि अब पहले जैसा तनावपूर्ण माहौल नहीं रहा. उन्होंने कहा कि पहले शुक्रवार के दिन क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन जाती थी, लेकिन अब लोग किसी भी समय यहां आकर दर्शन कर सकते हैं. उन्होंने यह भी बताया कि मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने भोजशाला को और बेहतर तरीके से विकसित करने की बात कही है, ताकि देशभर से श्रद्धालु यहां आकर दर्शन कर सकें.
सुरक्षा व्यवस्था रही बेहद कड़ी
भोजशाला में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे. एसपी सचिन शर्मा ने बताया कि हाई कोर्ट के फैसले और संस्कृति मंत्रालय की गाइडलाइन के बाद प्रशासन लगातार लोगों से संवाद कर रहा है. उन्होंने कहा कि पिछले कई दिनों से पूरे इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है. एसपी ने यह भी कहा कि प्रशासन का मुख्य उद्देश्य इलाके में शांति, भाईचारा और सद्भाव बनाए रखना है. उन्होंने लोगों से नियमों का पालन करने की अपील की और चेतावनी दी कि अगर कोई भी व्यक्ति माहौल खराब करने की कोशिश करेगा तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.


