ट्विशा शर्मा के शव को लेकर प्रशासन बेबस! सुविधा नहीं होने के कारण पुलिस ने परिजनों को लिखी चिट्ठी

ट्विशा के परिजन लगातार ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगा रहे हैं। पुलिस ने पत्र में लिखा कि ट्विशा का शव काफी दिन से मोर्चरी में है और उसके सड़ने की आशंका बढ़ गई है।

Sachin Hari Legha

भोपाल: भोपाल में ट्विशा शर्मा का शव 13 मई से एम्स की मोर्चरी में रखा हुआ है। परिवार दोबारा पोस्टमार्टम की मांग कर रहा है और अंतिम संस्कार करने से इनकार कर रहा है। इस बीच भोपाल पुलिस ने ट्विशा के माता पिता को पत्र लिखकर बताया है कि शव खराब होना शुरू हो गया है। एम्स के पास उसे लंबे समय तक सुरक्षित रखने की सुविधा नहीं है।

पुलिस ने परिवार से शव लेने का अनुरोध किया    

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार ट्विशा के परिजन लगातार ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगा रहे हैं। पुलिस ने पत्र में लिखा कि ट्विशा का शव काफी दिन से मोर्चरी में है और उसके सड़ने की आशंका बढ़ गई है। इसलिए परिवार से अनुरोध है कि शव लेने की व्यवस्था करें।

-80 डिग्री तापमान जरूरी, एम्स में सिर्फ -4 डिग्री की सुविधा   

पुलिस ने पत्र में साफ किया कि भोपाल एम्स की मोर्चरी का तापमान -4 डिग्री सेल्सियस है। शव को लंबे समय तक सड़ने से बचाने के लिए -80 डिग्री सेल्सियस तापमान चाहिए। यह सुविधा भोपाल एम्स में मौजूद नहीं है। पुलिस के अनुसार ट्विशा का पहला पोस्टमार्टम 13 मई को ही पूरा हो चुका था। पुलिस ने कहा कि उसे दोबारा पोस्टमार्टम कराने पर कोई आपत्ति नहीं है।

दिल्ली एम्स में हो पोस्टमार्टम -पिता की मांग  

ट्विशा के पिता नवनिधि शर्मा दिल्ली एम्स में दोबारा पोस्टमार्टम कराने की मांग कर रहे हैं। बुधवार को मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि सभी फॉरेंसिक प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद ही ट्विशा का अंतिम संस्कार शांति और सम्मान के साथ किया जाएगा।

पोस्टमार्टम पर उठे कई सवाल   

गौरतलब है कि इस पूरे मामले में पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं। परिजनों का आरोप है कि पोस्टमार्टम के दौरान पुलिस ने वह बेल्ट डॉक्टरों के सामने पेश नहीं की जिससे ट्विशा ने कथित तौर पर खुदकुशी की थी।

इसके अलावा मेडिकल टीम महिला की गर्दन पर मिले लिगेचर के निशानों की वैज्ञानिक तरीके से जांच नहीं कर पाई। परिवार का कहना है कि इन चूक की वजह से जांच प्रभावित हुई है। फिलहाल शव एम्स में रखा है और परिवार दूसरे पोस्टमार्टम की मांग पर अड़ा है।

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो