ट्विशा शर्मा के परिवार द्वारा दायर दूसरी पोस्टमार्टम जांच याचिका खारिज

भोपाल की एक अदालत ने ट्विशा शर्मा के परिवार द्वारा दायर दूसरी पोस्टमार्टम जांच की याचिका खारिज कर दी है. 

Suraj Mishra
Edited By: Suraj Mishra

भोपाल: बुधवार को ट्विशा शर्मा की मौत मामले में उनके परिवार द्वारा दायर दूसरी पोस्टमार्टम जांच की मांग वाली याचिका को अदालत ने खारिज कर दिया. परिवार ने अदालत से अनुरोध किया था कि 12 मई को कटारा हिल्स स्थित ससुराल में हुई कथित आत्महत्या के मामले में दोबारा पोस्टमार्टम कराया जाए, ताकि मौत की असली वजह सामने आ सके. हालांकि अदालत ने इस मांग को स्वीकार नहीं किया, लेकिन मामले में एक अहम निर्देश जरूर जारी किया है.

अदालत का कटारा हिल्स थाना पुलिस को निर्देश

अदालत ने कटारा हिल्स थाना पुलिस को निर्देश दिया है कि वह मध्य प्रदेश समेत अन्य शहरों के मेडिकल कॉलेजों और अस्पतालों से जानकारी जुटाए. अदालत यह जानना चाहती है कि किन संस्थानों में शवों को लंबे समय तक कम तापमान पर सुरक्षित रखने की सुविधा उपलब्ध है. न्यायालय ने कहा है कि इस संबंध में विस्तृत रिपोर्ट जल्द से जल्द पेश की जाए.

इस मामले ने प्रदेशभर में चर्चा और विवाद को जन्म दिया है. ट्विशा शर्मा के परिवार ने उनकी मौत को संदिग्ध बताते हुए स्वतंत्र जांच की मांग की है. परिवार का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए ताकि सच्चाई सामने आ सके.

इसी बीच मध्य प्रदेश सरकार ने भी ट्विशा के परिवार को हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया है. बुधवार को ट्विशा के परिजनों ने मुख्यमंत्री मोहन यादव से मुलाकात की. बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने परिवार को आश्वासन दिया कि राज्य सरकार जांच प्रक्रिया में उनके साथ खड़ी रहेगी और जरूरी सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा.

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि सरकार इस मामले की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) को सौंपने के लिए औपचारिक अनुरोध करेगी. परिवार लगातार मामले में स्वतंत्र एजेंसी से जांच कराने की मांग कर रहा है.

ट्विशा शर्मा मूल रूप से उत्तर प्रदेश के नोएडा की रहने वाली थीं और मार्केटिंग एवं कम्युनिकेशन क्षेत्र में काम करती थीं. उन्होंने वर्ष 2025 में भोपाल के वकील समर्थ सिंह से एक डेटिंग ऐप के जरिए मुलाकात के बाद शादी की थी. परिवार के अनुसार, शादी के कुछ समय बाद ही रिश्ते में तनाव शुरू हो गया था.

क्या है परिजनों का दावा? 

परिजनों का दावा है कि मौत से कुछ समय पहले ट्विशा ने उनसे संपर्क किया था और बताया था कि वह मानसिक रूप से काफी परेशान हैं. उन्होंने कथित तौर पर कहा था कि ससुराल में हालात उनके लिए बेहद कठिन हो चुके हैं.

12 मई को ट्विशा अपने ससुराल में मृत पाई गईं. उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. पुलिस को घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो