न पछतावा, न डर! पुलिस जांच के बीच सिया गोयल ने मीडिया को दिखाई 'मिडिल फिंगर', VIDEO वायरल
केतन अग्रवाल हत्याकांड की आरोपी सिया गोयल का एक और वीडियो सामने आया है, जिसमें वे मीडिया को मिडिल फिंगर दिखाती नजर आई. जांच के बीच ये नया वीडियो चर्चा का विषय बना हुआ है.

महाराष्ट्र: पुणे के चर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड में गिरफ्तार आरोपी सिया गोयल एक बार फिर सुर्खियों में है. गुरुवार को पुणे ग्रामीण पुलिस जांच के सिलसिले में उसे पुणे के मार्केट यार्ड स्थित उसके घर लेकर पहुंची. यहां पुलिस ने मामले से जुड़े सबूत जुटाने के लिए तलाशी अभियान चलाया.
जांच पूरी होने के बाद बाहर निकलते समय सिया गोयल का एक वीडियो सामने आया, जिसमें वह मीडिया की ओर मिडिल फिंगर दिखाती नजर आई. यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
Pune, Maharashtra: Siya Goyal, accused in the Ketan Agarwal murder case, was taken by Pune Rural Police to her Market Yard residence for investigation. After the investigation was completed, while leaving the house, Siya Goyal allegedly made obscene gestures and showed the middle… pic.twitter.com/mHnQKlfRrq
— IANS (@ians_india) July 2, 2026
सोशल मीडिया पर चर्चा में पुराने वीडियो
गिरफ्तारी के बाद से सिया गोयल से जुड़े कई पुराने वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं. एक वीडियो में वह कथित तौर पर एक नाइट क्लब में फोन पर बहस करती दिखाई देती है. वहीं, दूसरे वीडियो में वह सह-आरोपी चेतन चौधरी के साथ एक कैफे में नजर आती है.
एक अन्य वायरल क्लिप में दोनों को क्रिकेट मैच के दौरान साथ बैठे हुए देखा जा सकता है. हालांकि, पुलिस ने इन वायरल वीडियो को अब तक मामले का आधिकारिक सबूत नहीं माना है.
डिजिटल सबूतों पर फोकस
पुलिस का दावा है कि मामले में डिजिटल और फोरेंसिक साक्ष्य जुटाए गए हैं. जांच एजेंसियों के अनुसार, आरोपियों ने कथित तौर पर घटना से पहले पूरी योजना बनाई थी. पुलिस कॉल रिकॉर्ड, डिलीट चैट, लोकेशन डेटा और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है. इसके अलावा दोनों आरोपियों का पॉलीग्राफ टेस्ट और गेट एनालिसिस कराने की अनुमति भी मांगी गई है.
क्या है पूरा मामला?
यह मामला 26 वर्षीय रियल एस्टेट कारोबारी केतन अग्रवाल की मौत से जुड़ा है. 18 जून को लोहागढ़ किले से गिरने के बाद उनकी मौत हो गई थी. शुरुआत में इसे हादसा माना गया, लेकिन बाद में पुलिस जांच में इसे कथित तौर पर सुनियोजित हत्या का मामला बताया गया.
पुलिस के अनुसार, केतन की मंगेतर सिया गोयल और उसके कथित प्रेमी चेतन चौधरी ने मिलकर हत्या की साजिश रची. जांच में दावा किया गया है कि दोनों ने पहले घटना की रिहर्सल की और फिर लोहागढ़ किले पर वारदात को अंजाम दिया. फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है.


