एक दुल्हन, नौ दूल्हे... 9वीं बार दुल्हन बनकर युवक से ठगे लाखों, ऐसे बनाती थी लोगों को अपना शिकार

महाराष्ट्र में फर्जी शादी के जरिए ठगी करने वाले एक गैंग का खुलासा हुआ है, जिसमें एक युवती कई बार शादी कर युवकों से पैसे और जेवर लेकर फरार हो जाती थी. मामला सामने आने के बाद पुलिस अब पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है.

Shraddha Mishra

बीड़: महाराष्ट्र के बीड़ जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसने लोगों को हैरान कर दिया है. यहां एक ऐसा गिरोह सक्रिय था, जो फर्जी शादी के जरिए युवकों को ठगने का काम करता था. इस गैंग का तरीका बेहद चालाकी भरा था,  शादी का झांसा देकर पहले पैसे ऐंठना और फिर कुछ ही दिनों में दुल्हन का गायब हो जाना. हाल ही में सामने आए मामले ने इस पूरे नेटवर्क की सच्चाई उजागर कर दी है.

यह मामला गेवराई तहसील के उमापुर गांव का है, जहां एक युवक इस गिरोह का शिकार बन गया. जानकारी के अनुसार, एक युवती ने आठ बार शादी करने के बाद नौवीं बार इस युवक से शादी की और उसे भी ठग लिया. शादी की पूरी प्रक्रिया एजेंटों के जरिए कराई गई थी. युवक को विश्वास दिलाया गया कि उसकी शादी एक सामान्य परिवार की लड़की से हो रही है, लेकिन हकीकत इससे बिल्कुल अलग निकली.

कुछ ही दिनों में खुल जाती थी सच्चाई

गिरोह के सदस्य पहले ऐसे युवकों को निशाना बनाते थे, जिन्हें शादी के लिए रिश्ता ढूंढने में कठिनाई होती है. फिर एजेंटों के माध्यम से संपर्क कर उन्हें भरोसे में लिया जाता था. शादी तय कराने के नाम पर युवक से बड़ी रकम ली जाती थी. इसके बाद पूरी रस्मों के साथ शादी कराई जाती थी, ताकि किसी को शक न हो.

शादी के कुछ समय बाद ही दुल्हन और उसके साथ जुड़े लोग अचानक गायब हो जाते थे. वे अपने साथ पैसे और जेवर भी ले जाते थे. इस मामले में भी ऐसा ही हुआ. युवक को तब सच्चाई का पता चला जब उसकी पत्नी अचानक गायब हो गई और उसके साथ संपर्क भी टूट गया.

पीड़ित ने पुलिस से लगाई गुहार

इस धोखाधड़ी से परेशान युवक ने पुलिस के पास शिकायत दर्ज कराई है. उसने पुलिस अधीक्षक को दिए आवेदन में बताया कि उसके साथ लाखों रुपये की ठगी हुई है और अब उसे न्याय की उम्मीद है. युवक का कहना है कि उसे पूरी तरह अंधेरे में रखकर यह शादी कराई गई थी और उसे इस बात की कोई जानकारी नहीं थी कि लड़की पहले भी कई बार शादी कर चुकी है.

पुलिस जांच में चौंकाने वाला खुलासा

जांच के दौरान यह सामने आया कि युवती पहले आठ अलग-अलग लोगों से शादी कर चुकी थी और हर बार इसी तरह की ठगी को अंजाम दिया गया था. पुलिस ने चकलांबा थाने में मामला दर्ज कर लिया है और इस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश शुरू कर दी है. यह गिरोह खासतौर पर ग्रामीण इलाकों के उन युवकों को निशाना बनाता था, जिन्हें शादी के लिए उपयुक्त रिश्ता नहीं मिल पाता. गिरोह के सदस्य गरीबी और मजबूरी का फायदा उठाकर युवकों से पैसे लेते थे और उन्हें शादी का झांसा देकर ठग लेते थे.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो