पुणे-मुंबई एक्सप्रेसवे और नेशनल हाईवे बंद, भारी बारिश-लैंडस्लाइड से थमी रफ्तार, कई ट्रेनें भी कैंसिल
महाराष्ट्र में पिछले कई दिनों से हो रही भारी बारिश ने अब अपना खतरनाक रूप दिखाना शुरू कर दिया है. मुंबई और पुणे को जोड़ने वाले मुख्य मार्ग बंद हो गया हैं. खंडाला के पास मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर भूस्खलन हुआ है.

मुंबई: महाराष्ट्र में पिछले कई दिनों से हो रही भारी बारिश ने अब अपना खतरनाक रूप दिखाना शुरू कर दिया है. मुंबई और पुणे को जोड़ने वाले मुख्य मार्ग बंद हो गया हैं. खंडाला के पास मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर भूस्खलन हुआ है. घाट सेक्शन में रेलवे ट्रैक पर भारी मात्रा में पत्थर और मिट्टी गिरने से रेल यातायात भी प्रभावित हुआ है.
नेशनल हाईवे पर थमे वाहन
एक्सप्रेसवे और नेशनल हाईवे पर खड़े वाहनों के पहिए थम गए हैं. महाराष्ट्र राज्य सड़क विकास निगम के अनुसार, मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे के 'मिसिंग लिंक' सेक्शन में खंडाला एग्जिट के पास यह भूस्खलन हुआ है. गनीमत यह रही कि इस हादसे में अभी तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है. कनेक्टिंग लिंक और मिसिंग लिंक के बीच कंक्रीट का एक पिलर गिरने की वजह से मुख्य यातायात को पूरी तरह रोकना पड़ा है. मुंबई-पुणे पुराना नेशनल हाईवे भी कई जगहों पर जलजमाव के कारण बंद है.
रेलवे ट्रैक गिरा मलवा
मावल और तामिनी घाट जैसे पहाड़ी इलाकों में भारी बारिश ने बाढ़ जैसे हालात पैदा कर दिए हैं, जिससे पहाड़ी रास्तों पर पानी का तेज बहाव देखने को मिल रहा है. लोहगढ़ किले के पास स्थित पाटन गांव में भी भूस्खलन की घटना सामने आई है. सड़क मार्ग के साथ-साथ रेल सेवा भी इस प्राकृतिक आपदा से अछूती नहीं रही. मुंबई-पुणे घाट सेक्शन में भारी बारिश के बाद पटरियों पर बड़े-बड़े बोल्डर और मिट्टी का ढेर आ गिरा है.
कई ट्रेनें रद्द
कई ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने खुद हालात की समीक्षा की है. उन्होंने बताया कि रेलवे की तकनीकी टीमें और आपातकालीन अमला मौके पर तैनात है और ट्रैक को साफ कर जल्द से जल्द परिचालन बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है. सेंट्रल रेलवे के अनुसार, मुख्य लाइन पर लोकल ट्रेनें करीब 6 से 8 मिनट और हार्बर लाइन पर 4 मिनट की देरी से चल रही हैं. ट्रांसहार्बर और उरण-बेलापुर लाइन पर स्थिति सामान्य है. सुरक्षा के मद्देनजर रेलवे ने इस रूट की कई लंबी दूरी की ट्रेनों को निरस्त कर दिया है, जबकि कुछ के रूट डायवर्ट किए गए हैं.
मुंबई-गोवा नेशनल हाईवे पर एक बड़ी दरार
कोंकण क्षेत्र में हो रही भारी बारिश के कारण खेड़ी तालुका के कशेडी घाट पर नवनिर्मित मुंबई-गोवा नेशनल हाईवे पर एक बड़ी दरार आ गई है. सड़क धंसने और कीचड़ फैलने के कारण सुरक्षा कारणों से इस हाईवे पर भी वाहनों की आवाजाही को रोक दिया गया है, जिससे दोनों तरफ गाड़ियों की लंबी कतारें लग गई हैं. मौसम विभाग ने पुणे के लिए 'रेड अलर्ट' और मुंबई के लिए 'ऑरेंज अलर्ट' जारी करते हुए आने वाले समय में और भारी बारिश की चेतावनी दी है.
स्कूलों और कॉलेजों में छुट्टी घोषित
इस आपातकाल को देखते हुए प्रशासन ने सोमवार को मुंबई, पुणे, ठाणे और पालघर के सभी सरकारी व निजी स्कूलों और कॉलेजों में छुट्टी घोषित कर दी है. मुंबई विश्वविद्यालय ने 6 जुलाई को होने वाली अपनी सभी परीक्षाओं को स्थगित कर दिया है. जिनकी नई तारीखें बाद में घोषित की जाएंगी. प्रशासन ने जनता से केवल अत्यंत आवश्यक होने पर ही घरों से बाहर निकलने की हिदायत दी है.


