अब मुंबई-अहमदाबाद का सफर सिर्फ 2 घंटे में! बुलेट ट्रेन जल्द होगी शुरू

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने ऐलान किया कि मुंबई-अहमदाबाद के बीच देश की पहली बुलेट ट्रेन सेवा जल्द शुरू होगी, जो 2 घंटे 7 मिनट में सफर तय करेगी. साथ ही उन्होंने गुजरात, मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ में कई रेल परियोजनाओं की सौगात भी दी.

Simran Sachdeva

रेलवे मंत्री अश्विनी वैष्णव ने रविवार को देशवासियों को बड़ी सौगात देते हुए ऐलान किया कि भारत की पहली बुलेट ट्रेन सेवा बहुत जल्द शुरू होने जा रही है. ये हाई-स्पीड ट्रेन मुंबई और अहमदाबाद के बीच की 508 किलोमीटर की दूरी को सिर्फ 2 घंटे 7 मिनट में तय करेगी. भवनगर टर्मिनस से आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान रेल मंत्री ने वर्चुअली अयोध्या एक्सप्रेस, रीवा-पुणे एक्सप्रेस और जबलपुर-रायपुर एक्सप्रेस ट्रेनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. इस मौके पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय भी वर्चुअल रूप से मौजूद रहे.

मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन सेवा जल्द होगी शुरू

रेल मंत्री ने कहा कि मुंबई से अहमदाबाद के बीच पहली बुलेट ट्रेन बहुत जल्द शुरू होने वाली है और इस परियोजना पर काम तेजी से चल रहा है. एक बार जब ये ट्रेन शुरू हो जाएगी, तो ये सफर सिर्फ 2 घंटे 7 मिनट में पूरा होगा. बुलेट ट्रेन की अधिकतम रफ्तार 320 किलोमीटर प्रति घंटा होगी और यह मुंबई के बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स से शुरू होकर वापी, सूरत, आणंद, वडोदरा होते हुए अहमदाबाद तक जाएगी.

गुजरात को मिल रही हैं कई रेल सुविधाएं

रेल मंत्री ने गुजरात में कई नई परियोजनाओं की जानकारी दी जिनमें पोरबंदर और राजकोट के बीच नई ट्रेन सेवा, राणावाव स्टेशन पर ₹135 करोड़ की लागत से कोच मेंटेनेंस सुविधा, पोरबंदर शहर में रेलवे फ्लाईओवर, दो गति शक्ति कार्गो टर्मिनल और भावनगर के नए पोर्ट पर कंटेनर टर्मिनल शामिल हैं.

मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ में तेजी से हो रहे रेल विकास कार्य

मंत्री ने बताया कि मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ में भी कई रेल परियोजनाएं तेजी से आगे बढ़ रही हैं और दोनों राज्य सरकारें इसमें पूरा सहयोग कर रही हैं. उन्होंने कहा कि पिछले 11 सालों में मोदी सरकार ने रेलवे नेटवर्क में 34,000 किलोमीटर नई पटरियों का विस्तार किया है और हर दिन औसतन 12 किलोमीटर पटरी बिछाई जा रही है.

देशभर में 1,300 रेलवे स्टेशनों का पुनर्विकास

अश्विनी वैष्णव ने बताया कि देशभर के 1,300 रेलवे स्टेशनों का पुनर्विकास कार्य तेजी से जारी है. उन्होंने कहा कि विकसित देशों में जब रेलवे स्टेशनों को री-डेवलप किया जाता है, तो पूरे स्टेशन और ट्रेनों को बंद कर दिया जाता है. लेकिन भारत में आबादी ज्यादा है और यात्रियों की अपेक्षा है कि स्टेशन भी बने और ट्रेनें भी चलती रहें. इन्हीं चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए मोदी जी का यह बड़ा विजन है.

मोदी सरकार में शुरू हुईं कई आधुनिक ट्रेन सेवाएं

रेल मंत्री ने ये भी बताया कि मोदी सरकार के दौरान वंदे भारत एक्सप्रेस, अमृत भारत एक्सप्रेस और नामो भारत एक्सप्रेस जैसी नई ट्रेन सेवाएं शुरू की गई हैं. उन्होंने कहा कि अब तक 8 अमृत भारत ट्रेनें लॉन्च हो चुकी हैं. इनमें वंदे भारत जैसी सुविधाएं हैं लेकिन किराया किफायती है. ये ट्रेनें नई तकनीक से बनाई गई हैं और इनसे यात्रा कर रहे यात्रियों की भावनाएं सुनकर आप हैरान रह जाएंगे.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag