‘पापा मैं सब संभालूंगा’, राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर राहुल गांधी का इमोशनल पोस्ट, सोशल मीडिया पर हुआ वायरल

राजीव गांधी की 35वीं पुण्यतिथि पर राहुल गांधी भावुक नजर आए. उन्होंने पिता को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि वह उनके ‘कुशल और मजबूत भारत’ के सपने को आगे बढ़ाने के लिए हमेशा प्रतिबद्ध रहेंगे.

Goldi Rai
Edited By: Goldi Rai

नई दिल्ली: पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की 35वीं पुण्यतिथि पर गुरुवार को कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने अपने पिता को भावुक श्रद्धांजलि दी. राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बचपन की एक खास तस्वीर साझा करते हुए एक भावनात्मक संदेश लिखा, जिसमें उन्होंने राजीव गांधी के सपनों को पूरा करने का संकल्प दोहराया. राहुल गांधी की पोस्ट के साथ साझा की गई तस्वीरों में एक फोटो उनके बचपन की थी, जिसमें वह अपने पिता राजीव गांधी के साथ नजर आ रहे थे. इस निजी पल ने श्रद्धांजलि को और अधिक भावुक बना दिया. वहीं कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने भी वीर भूमि पहुंचकर राजीव गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की.

राहुल गांधी का भावुक संदेश

राहुल गांधी ने एक्स पर लिखा, पापा, आपने जिस कुशल, समृद्ध और सशक्त भारत का सपना देखा था, उसे साकार करने की पूरी जिम्मेदारी मैं उठाऊंगा. आपकी शिक्षाएं, आपके मूल्य और आपकी यादें हमेशा मेरे साथ रहेंगी. राहुल गांधी की इस पोस्ट को कांग्रेस समर्थकों और पार्टी नेताओं ने भावुक श्रद्धांजलि के रूप में देखा. पोस्ट में साझा की गई तस्वीरों ने पिता-पुत्र के रिश्ते की एक निजी झलक भी दिखाई.

वीर भूमि पर कांग्रेस नेताओं ने दी श्रद्धांजलि

राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी और कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने वीर भूमि पहुंचकर पुष्पांजलि अर्पित की. इस दौरान प्रियंका गांधी वाड्रा के बच्चे मिराया और रेहान वाड्रा भी मौजूद रहे. कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता, जिनमें अशोक गहलोत, पी चिदंबरम, भूपेंद्र सिंह हुड्डा और मुकुल वासनिक शामिल थे, उन्होंने भी राजीव गांधी को श्रद्धांजलि दी.

पीएम मोदी ने भी किया याद

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी को उनकी पुण्यतिथि पर याद किया. पीएम मोदी ने एक्स पर संक्षिप्त संदेश में लिखा, पूर्व प्रधानमंत्री श्री राजीव गांधी जी को उनकी पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि.

खरगे ने गिनाईं राजीव गांधी की उपलब्धियां

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने राजीव गांधी को भारत का एक असाधारण सपूत बताते हुए उनके कार्यकाल की कई महत्वपूर्ण उपलब्धियों का जिक्र किया. खरगे ने कहा कि राजीव गांधी ने मतदान की उम्र 21 से घटाकर 18 वर्ष की, पंचायती राज संस्थाओं को मजबूत किया और देश में टेलीकॉम व सूचना प्रौद्योगिकी क्रांति की नींव रखी.

 

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो