लखनऊ अग्निकांड: पीएम मोदी, सीएम योगी सहित इन नेताओं की आई प्रतिक्रिया, अखिलेश ने प्रशासन से किया सवाल

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर हादसे पर गहरा दुख जताया। उन्होंने लिखा कि लखनऊ में हुई अग्नि दुर्घटना में कई लोगों की मौत की खबर दिल को झकझोरने वाली है।

Sachin Hari Legha

लखनऊ: लखनऊ के अलीगंज इलाके में सोमवार दोपहर एक कमर्शियल कॉम्प्लेक्स में लगी भीषण आग ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया। आग पहले कोचिंग सेंटर में लगी और देखते ही देखते पूरी इमारत को अपनी चपेट में ले लिया। इमारत में कोचिंग सेंटर के साथ पेट शॉप, लाइब्रेरी और गेमिंग जोन भी चल रहा था। हादसे में करीब 15 बच्चों की मौत की खबर है, जबकि कई अन्य घायल हैं। घटना के बाद राष्ट्रपति से लेकर प्रधानमंत्री तक ने शोक जताया है।  

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा, यह खबर अत्यंत दुखद    

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर हादसे पर गहरा दुख जताया। उन्होंने लिखा कि लखनऊ में हुई अग्नि दुर्घटना में कई लोगों की मौत की खबर दिल को झकझोरने वाली है। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं। घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करती हूं।  

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने जताया दुख   

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने एक्स पर लिखा कि अलीगंज के कोचिंग सेंटर में आग लगने से हुआ हादसा मन को व्यथित करने वाला है। मेरी संवेदनाएं उन परिवारों के साथ हैं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया है। मैं घायलों के जल्द ठीक होने की कामना करता हूं।  

राहुल गांधी और खड़गे ने भी जताया शोक    

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कहा कि हादसे की खबर अत्यंत पीड़ादायक है। सभी शोकाकुल परिवारों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि यह घटना हृदयविदारक है। पार्टी पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है। उन्होंने दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि देते हुए घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।  

सीएम योगी ने रद्द किया दौरा, मौके पर पहुंचे   

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अलीगढ़ का दौरा रद्द कर तुरंत लखनऊ लौटने का फैसला लिया। उन्होंने कहा कि मेरी इच्छा थी कि आज अलीगढ़ में रहूं, लेकिन लखनऊ में हुई इस दुखद घटना की जानकारी मिलते ही वापस आना पड़ा। सीएम ने हादसे में जान गंवाने वाले बच्चों के परिवारों के प्रति संवेदना जताई और घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए।  

पीएम मोदी ने भी जताया दुख   

प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान में पीएम मोदी ने कहा कि लखनऊ में आग लगने से हुई मौतों की खबर सुनकर दुखी हूं। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं। बचाव अभियान जारी है और अधिकारी हर संभव मदद दे रहे हैं।  

हादसे के बाद प्रशासन ने जांच के आदेश दे दिए हैं। वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए कोचिंग और कमर्शियल इमारतों में फायर सेफ्टी के नियम सख्ती से लागू होने चाहिए।  

अखिलेश यादव ने दिया ये बयान  

सपा नेता अखिलेश यादव ने X पर पोस्ट कर लिखा, "लखनऊ के एक कोचिंग सेंटर में आग लगने से जिन्होंने अपनी जान गंवाई है, उनके प्रति हमारी श्रद्धांजलि। जिन्होंने अपनों को खोया है, उन शोक संतप्त परिवारों के प्रति हमारी गहरी संवेदनाएं। सरकार घायलों के लिए सर्वश्रेष्ठ चिकित्सा सुनिश्चित करे। ये एक बेहद दुखद घटना है। इसके पीछे के कारणों की ईमानदारी से जाँच हो, बच्चे किसी के घर के भी हो सकते थे। भविष्य में ऐसे दर्दनाक हादसों से बचा जा सके, हम सबकी यही कोशिश होनी चाहिए।"

उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक की प्रतिक्रिया   

उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने कहा, "लखनऊ के पुरनिया (सेक्टर डी) स्थित कोचिंग सेंटर में भीषण आग लगने की अत्यंत दुःखद सूचना प्राप्त हुई। घायलों को इलाज हेतु अस्पताल में भर्ती कराया जा रहा है। घायलों के समुचित उपचार एवं हर संभव सहायता हेतु अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए  हैं। छह एंबुलेंसों सहित विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम घटनास्थल पर मौजूद है। मैं स्वयं घटनास्थल पर पहुंच रहा हूं। ईश्वर से प्रार्थना है कि सभी घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।"

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो