‘वो मेरे पापा हैं…’ दूसरी शादी करने जा रहा था दो बच्चों का पिता, बच्ची ने ही खोल दी दूल्हे की पोल
मुरादाबाद में दूसरी शादी की तैयारी कर रहे एक शख्स की सच्चाई उसकी ही बेटी ने उजागर कर दी. शादी से पहले बच्ची ने दुल्हन पक्ष को दुल्हे की सच्चाई बताई जिसके बाद मामला पुलिस और पंचायत तक पहुंच गया.

मुरादाबाद: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया. यहां एक शख्स अपनी पहली शादी और दो बच्चों की सच्चाई छुपाकर दूसरी शादी करने जा रहा था. शादी की सारी तैयारियां पूरी हो चुकी थीं, घर में खुशियों का माहौल था और बारात आने का इंतजार हो रहा था. लेकिन तभी एक मासूम बच्ची के फोन ने पूरे मामले का सच सामने ला दिया. उस बच्ची ने दुल्हन पक्ष को बताया कि जो व्यक्ति दूल्हा बनकर आने वाला है, वह उसका पिता है और पहले से शादीशुदा भी है. कुछ ही मिनटों में शादी का माहौल तनाव और हंगामे में बदल गया. बाद में मामला पुलिस और पंचायत तक पहुंचा, जहां दूल्हे को भारी कीमत चुकानी पड़ी.
यह मामला ठाकुरद्वारा कोतवाली क्षेत्र के एक गांव का बताया जा रहा है. यहां सोमवार को रामपुर जिले के स्वार क्षेत्र से बारात आनी थी. रविवार रात तक दुल्हन के घर में निकाह की तैयारियां जोरों पर चल रही थीं. रिश्तेदार और मेहमान खुशी के माहौल में शादी की रस्मों में व्यस्त थे. तभी अचानक दुल्हन पक्ष के एक सदस्य के मोबाइल पर एक अनजान नंबर से कॉल आया.
फोन करने वाली एक छोटी बच्ची थी, जो काफी भावुक होकर बात कर रही थी. उसने बताया कि जिस युवक से शादी तय हुई है, वह उसका पिता है और पहले से शादीशुदा है. बच्ची ने यह भी कहा कि उसके माता-पिता की कोर्ट मैरिज और निकाह हो चुका है और उनके दो बच्चे भी हैं. बच्ची ने अपने पास मौजूद दस्तावेजों का भी जिक्र किया, जिससे उसकी बात को गंभीरता से लिया गया.
हल्द्वानी में हुई थी पहली शादी
बच्ची के मुताबिक, उसका पिता उत्तराखंड के हल्द्वानी में खराद मशीन का काम करता था. वहीं उसकी मुलाकात उसकी मां से हुई और दोनों ने शादी कर ली. कुछ समय बाद उनके दो बच्चे भी हुए. परिवार सामान्य तरीके से चल रहा था, लेकिन अब वही व्यक्ति दूसरी शादी करने की तैयारी कर रहा था, जिसकी जानकारी परिवार को बाद में मिली. जैसे ही दुल्हन पक्ष को इस बारे में पता चला, वहां मौजूद सभी लोग हैरान रह गए. पहले तो किसी को विश्वास नहीं हुआ, लेकिन जब बच्ची ने दस्तावेज दिखाने की बात कही, तो मामला गंभीर हो गया. इसके बाद परिवार ने तुरंत पुलिस से संपर्क करने का फैसला लिया.
थाने पहुंचा मामला
सोमवार सुबह दुल्हन पक्ष के लोग बड़ी संख्या में ठाकुरद्वारा कोतवाली पहुंचे और पूरे मामले की शिकायत पुलिस से की. पुलिस ने मामले को गंभीर मानते हुए तुरंत दूल्हा पक्ष को भी बुला लिया. मामला बढ़ता देख सामाजिक पंचायत बुलाई गई, जिसमें दोनों पक्षों के लोग और इलाके के जिम्मेदार व्यक्ति मौजूद रहे.
पंचायत में जब पहली शादी के दस्तावेज और कोर्ट मैरिज के कागज दूल्हे के सामने रखे गए, तो वह पूरी तरह घिर गया. काफी देर तक बहाने बनाने के बाद आखिरकार उसने अपनी गलती स्वीकार कर ली. पंचायत के दौरान वह हाथ जोड़कर माफी मांगता नजर आया और खुद को निर्दोष साबित करने की कोशिश करता रहा, लेकिन सबूत उसके खिलाफ थे.
पंचायत ने लगाया लाखों का जुर्माना
पंचायत ने इस पूरे मामले को सामाजिक विश्वास और रिश्तों के साथ धोखा माना. लड़की पक्ष ने बताया कि शादी की तैयारियों में लाखों रुपये खर्च हो चुके थे. टेंट, खाना, सजावट और अन्य इंतजामों में काफी पैसा लगाया गया था. साथ ही परिवार की सामाजिक प्रतिष्ठा को भी ठेस पहुंची. इसी को देखते हुए पंचायत ने दूल्हा पक्ष पर 5 लाख रुपये का हर्जाना लगाया.
इसके अलावा समाज में ऐसा दोबारा न हो, इसके लिए 20 हजार रुपये का अतिरिक्त जुर्माना भी तय किया गया. कुल मिलाकर दूल्हा पक्ष को 5.20 लाख रुपये भरने का आदेश दिया गया. पंचायत के फैसले के बाद दूल्हे और उसके परिवार ने लिखित रूप में रकम देने की सहमति दी. इसके बाद ही उन्हें वहां से जाने की अनुमति मिली.


