हापुड़ में महाराणा प्रताप जयंती की शोभायात्रा में पथराव, कई घायल, एक्शन में पुलिस
महाराणा प्रताप जयंती के मौके पर निकाली गई शोभायात्रा के दौरान तब तनाव का महौल बन गया जब दुकान पर गुटखा खरीदने को लेकर कुछ लोगों के बीच कहासुनी हो गई. वहीं देखते ही देखते इस बहस ने पत्थरबाजी का रूप ले लिया.

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में शनिवार को महाराणा प्रताप जयंती के मौके पर निकाली गई शोभायात्रा के दौरान अचानक तनाव माहौल बन गया. बता दें, धौलाना थाना क्षेत्र के देहरा गांव में दो पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि पत्थरबाजी शुरू हो गई. इस घटना में कई लोग घायल हो गए, जबकि कुछ वाहनों को भी नुकसान पहुंचा है. हालांकि घटना के बाद पूरे इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है. लेकिन क्या है पूरा मामला चलिए जानते है.
गुटखा खरीदने को लेकर हुआ विवाद
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, शोभायात्रा शांतिपूर्वक आगे बढ़ रही थी, तभी रास्ते में एक दुकान पर गुटखा खरीदने को लेकर कुछ लोगों के बीच कहासुनी हो गई. वहीं मामूली विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया और दोनों पक्षों के बीच पत्थरबाजी शुरू हो गई। अचानक हुई इस घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग इधर-उधर भागने लगे.
महाराणा प्रताप जयंती के अवसर पर थाना धौलाना क्षेत्र के ग्राम देहरा में रैली निकलने के दौरान दुकान से गुटखा खरीदते समय युवकों का कुछ विवाद हो गया था, जिस कारण दोनों पक्षों की ओर से मामूली पत्थरबाजी की गयी. जिसमें 2-3 लोगों को मामूली चोट आयी है। जिनका मेडिकल कराया गया है। पत्थरबाजी… pic.twitter.com/l8mKwJzDAt
— HAPUR POLICE (@hapurpolice) May 9, 2026
घायलों का इलाज जारी
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में करने के लिए तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी। इस दौरान पुलिस ने भीड़ को हटाकर स्थिति को शांत कराया। अधिकारियों ने बताया कि घटना में दो से तीन लोग घायल हुए हैं, जिनका इलाज कराया जा रहा है। इसके साथ ही कुछ वाहनों में तोड़फोड़ की भी जानकारी सामने आई है.
दो लोग गिरफ्तार
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने अब तक दो लोगों को गिरफ्तार किया है. अधिकारियों का कहना है कि घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा रही है और उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी. इलाके में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और ड्रोन कैमरों से निगरानी की जा रही है.


