मेक्सिको में अंधाधुंध फायरिंग से मासूम बच्चे समेत 10 लोगों की मौत, गैंगवार की घटना से दहला इलाका

मेक्सिको स्थित पुएब्ला राज्य में रविवार को हुए एक बड़े हमले में कम से कम 10 लोगों की जान चली गई. मृतकों में एक मासूम बच्चा भी शामिल है.

Suraj Mishra
Edited By: Suraj Mishra

नई दिल्ली: लैटिन अमेरिकी देश मेक्सिको एक बार फिर भीषण हिंसा और गैंगवार की घटना से दहल उठा है. देश के मध्य क्षेत्र के पुएब्ला राज्य में रविवार को हुए एक बड़े हमले में कम से कम 10 लोगों की जान चली गई. मृतकों में एक मासूम बच्चा भी शामिल है. यह घटना तेहुइतजिंगो नगरपालिका क्षेत्र में हुई, जहां अज्ञात हथियारबंद बदमाशों ने लोगों पर अचानक गोलियां बरसा दीं. 

पुएब्ला राज्य के सार्वजनिक सुरक्षा मंत्रालय की पुष्टि 

पुएब्ला राज्य के सार्वजनिक सुरक्षा मंत्रालय ने हमले की पुष्टि करते हुए इसे बेहद गंभीर और क्रूर वारदात बताया है. रिपोर्ट्स के मुताबिक हमलावर पूरी तैयारी के साथ पहुंचे थे और उन्होंने चुनिंदा लोगों को निशाना बनाकर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी. अचानक हुई गोलीबारी से इलाके में अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों ने जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने की कोशिश की, लेकिन हमलावरों ने कई लोगों को मौके पर ही मौत के घाट उतार दिया. इस हमले में छह पुरुष, तीन महिलाएं और एक नाबालिग बच्चे की मौत हो गई. कई लोगों के घायल होने की भी आशंका जताई जा रही है, हालांकि अधिकारियों ने अभी तक घायलों की सटीक संख्या जारी नहीं की है.

घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल फैल गया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हमलावर वारदात को अंजाम देने के बाद तेजी से फरार हो गए. सुरक्षा एजेंसियों को शक है कि यह हमला संगठित अपराध या गैंग संघर्ष से जुड़ा हो सकता है. हालांकि अधिकारियों ने अभी तक किसी संगठन या गिरोह का नाम सार्वजनिक नहीं किया है.

सार्वजनिक सुरक्षा मंत्रालय ने जारी बयान में क्या कहा? 

पुएब्ला के सार्वजनिक सुरक्षा मंत्रालय ने बयान जारी कर कहा कि दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा. मंत्रालय ने “जीरो इम्प्युनिटी” यानी अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की नीति दोहराते हुए कहा कि जांच एजेंसियां मामले की तह तक पहुंचने में जुटी हैं. घटना स्थल से सबूत जुटाए जा रहे हैं और हमलावरों की पहचान के लिए तकनीकी और खुफिया मदद ली जा रही है.

हमले के बाद राज्य और संघीय सुरक्षा बलों ने संयुक्त अभियान शुरू कर दिया है. तेहुइतजिंगो और आसपास के क्षेत्रों में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है. संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है और इलाके में निगरानी बढ़ा दी गई है. प्रशासन का कहना है कि जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर कानून के दायरे में लाया जाएगा. लगातार बढ़ती हिंसा के बीच यह घटना मेक्सिको में कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर रही है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो