एयरस्ट्राइक के बाद पाकिस्तानी सेना ने 26 आतंकियों की मौत को कबूला, अब फिर देने लगा भारत को गीदड़भभकी
पाकिस्तान और PoK पर एयरस्ट्राइक के बाद पाकिस्तान ने भारी नुकसान की पुष्टि की, जिसमें 26 आतंकियों की मौत और 46 घायल हुए हैं. पाक ने इसे संप्रभुता का उल्लंघन बताते हुए जवाबी कार्रवाई की चेतावनी दी है.

भारत ने पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) में 9 आतंकी ठिकानों पर ऑपरेशन सिंदूर के तहत एयरस्ट्राइक की. जिसके बाद, पाकिस्तानी सेना ने अपने क्षेत्र में भारी नुकसान की बात को माना है. पाकिस्तानी सेना के अनुसार, इस हमले में 26 आतंकवादियों की मौत हो गई है और 46 अन्य घायल हुए हैं. पाक सेना ने भारत पर आरोप लगाया है कि उसने उनकी संप्रभुता का उल्लंघन करते हुए ये हमला किया और अब पाकिस्तान इसे आत्मरक्षा में जवाब देगा.
पाकिस्तान ने जवाबी हमले की चेतावनी दी
पाकिस्तान के सैन्य प्रवक्ता जनरल अहमद चौधरी ने बयान देते हुए कहा कि भारत के हमले के बाद पाकिस्तान पूरी मजबूती से प्रतिक्रिया करेगा और आगे भी भारत की आक्रामकता का जवाब देता रहेगा. आगे कहा कि अगर भारत को पाकिस्तान की सैन्य ताकत के बारे में कोई गलतफहमी है, तो उसे जल्द ही दूर कर दिया जाएगा. साथ ही ये भी स्पष्ट किया कि पाकिस्तान के सैनिक कभी मौत से नहीं डरते और भारत को कड़ा जवाब देने के लिए तैयार हैं.
भारत ने अपनी सीमा से मिसाइल दागीं- जनरल अहमद चौधरी
जनरल चौधरी ने भारत के किसी भी लड़ाकू विमान के पाकिस्तान के हवाई क्षेत्र में घुसने की बात को नकारते हुए कहा कि पाकिस्तान ने भारतीय विमानों को अपनी सीमा में घुसने की अनुमति नहीं दी. उन्होंने ये भी बताया कि पाकिस्तान के जेट भी भारतीय क्षेत्र में प्रवेश नहीं कर पाए. पाकिस्तान के मिसाइल हमले को लेकर पाक सेना ने स्पष्ट किया कि भारत ने अपनी सीमा से ही पाकिस्तानी जमीन पर मिसाइल दागी.
बॉर्डर पर भारतीय आक्रामकता का आरोप
पाकिस्तानी सेना ने ये भी दावा किया कि भारतीय सेना और पाक सेना के बीच बॉर्डर पर टकराव हुआ है. पाक फौज ने भारतीय सेना पर आक्रामकता का आरोप लगाते हुए कहा कि भारतीय चौकियों को नष्ट किया गया, जो युद्धविराम का उल्लंघन कर रही थीं. इसके अलावा, पाकिस्तान ने बॉर्डर पर हुई बमबारी में कई नागरिकों की मौत होने की बात भी की.
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री की प्रतिक्रिया
भारत के मिसाइल हमले के बाद पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने भी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा कि पाकिस्तान को पूरी तरह से जवाबी कार्रवाई का अधिकार है. हम इस युद्धविराम उल्लंघन का जवाब देने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं.
पाकिस्तान के रक्षा मंत्री की चेतावनी
पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने कहा कि हम पाकिस्तान के लोगों पर हमले को बर्दाश्त नहीं करेंगे. उन्होंने भारत के इस हमले को गंभीर उल्लंघन मानते हुए चेतावनी दी कि पाकिस्तान अपनी सीमा की रक्षा करेगा और किसी भी प्रकार के आक्रमण का मजबूती से जवाब देगा.
पाकिस्तान ने भारत के हमले को 'सीमा लांघना' करार दिया
पाकिस्तान के सूचना मंत्री अताउल्लाह तरार ने भारत के मिसाइल हमले को 'सीमा लांघना' करार दिया है. साथ ही, कहा कि ये कार्रवाई पाकिस्तान के लिए एक चेतावनी है. उन्होंने ये भी कहा कि पाकिस्तान अपनी संप्रभुता की रक्षा के लिए हर संभव कदम उठाएगा.


