पश्चिमी अफ़ग़ानिस्तान में सड़क हादसे में 50 से ज़्यादा लोगों की मौत

अफगानिस्तान के हेरात प्रांत में मंगलवार को हुए एक भीषण सड़क हादसे में 50 से अधिक लोगों की जान चली गई. हेरात पुलिस ने बताया कि हादसा मुख्य रूप से अत्यधिक गति और लापरवाह ड्राइविंग के कारण हुआ.

Suraj Mishra
Edited By: Suraj Mishra

Accident in Afganistan: पश्चिमी अफगानिस्तान के हेरात प्रांत में मंगलवार को हुए एक भीषण सड़क हादसे में 50 से अधिक लोगों की जान चली गई. स्थानीय पुलिस और प्रांतीय अधिकारियों के मुताबिक, यह दुर्घटना उस समय हुई जब प्रवासी नागरिकों से भरी एक यात्री बस तेज रफ्तार में ट्रक और मोटरसाइकिल से टकरा गई. बस में सवार यात्री हाल ही में ईरान से वापस लौटे अफगानी नागरिक थे, जिन्हें या तो निर्वासित किया गया था या मजबूरी में देश छोड़ना पड़ा था.

अत्यधिक गति और लापरवाह ड्राइविंग

हेरात पुलिस ने बताया कि हादसा मुख्य रूप से अत्यधिक गति और लापरवाह ड्राइविंग के कारण हुआ. प्रांतीय अधिकारी मोहम्मद यूसुफ सईदी ने जानकारी दी कि ये सभी यात्री राजधानी काबुल की ओर जा रहे थे. उन्होंने कहा कि यह समूह इस्लाम कला सीमा बिंदु से बस में सवार हुआ था. पुलिस ने बताया कि मरने वालों में अधिकांश यात्री बस में मौजूद थे, जबकि दो मृतक ट्रक में और दो अन्य मोटरसाइकिल पर सवार थे.

बाहर गुज़ारा जिले के पास हुआ हादसा 

पुलिस सूत्रों के अनुसार, हादसा हेरात शहर के बाहर गुज़ारा जिले के पास हुआ. बचाव दलों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर शवों और घायलों को स्थानीय अस्पतालों में पहुंचाया. अब भी कई घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है, जिससे मृतकों की संख्या और बढ़ने की आशंका है.

अफगानिस्तान में इस तरह की सड़क दुर्घटनाएं कोई नई बात नहीं हैं. दशकों से चले आ रहे संघर्ष और अस्थिरता के कारण देश का सड़क बुनियादी ढांचा बुरी तरह प्रभावित हुआ है. खराब सड़कें, राजमार्गों पर लापरवाह ड्राइविंग और परिवहन से जुड़ी कमजोर निगरानी ऐसे हादसों के प्रमुख कारण माने जाते हैं.

यह हादसा उन लगातार बढ़ती त्रासदियों में से एक है, जिनसे अफगानिस्तान गुजर रहा है. हाल ही में बड़ी संख्या में अफगानी नागरिक ईरान से निर्वासित किए गए हैं, जहां वे बेहतर रोजगार और जीवन की तलाश में गए थे. लेकिन लौटने के बाद उन्हें अपने ही देश में असुरक्षित हालात का सामना करना पड़ रहा है.

पिछले साल भी हुआ था भीषण सड़क हादसा 

पिछले साल दिसंबर में भी मध्य अफगानिस्तान से गुजरने वाले एक राजमार्ग पर दो अलग-अलग बस दुर्घटनाओं में कम से कम 52 लोगों की मौत हो गई थी. इनमें एक हादसा ईंधन टैंकर और ट्रक की टक्कर के बाद हुआ था. इन घटनाओं ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि अफगानिस्तान में सड़क सुरक्षा को बेहतर बनाने के लिए कब ठोस कदम उठाए जाएंगे.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो