ब्रिटेन के मैनचेस्टर में पहले कार और फिर चाकू से हमला, 2 लोगों की मौत, संदिग्ध भी मारा गया

ब्रिटेन के मैनचेस्टर में यहूदी प्रार्थनास्थल के बाहर हुए चाकूबाजी और वाहन हमले में 2 लोगों की मौत हो गई, कई घायल हुए और पुलिस ने हमलावर को मार गिराया.

Simran Sachdeva

Manchester stabbing: ब्रिटेन के मैनचेस्टर शहर में गुरुवार को एक भयावह हमला. एक व्यक्ति ने यहूदी प्रार्थनास्थल (सिनगॉग) के बाहर पहले वाहन से लोगों को रौंदने की कोशिश की और फिर चाकू से हमला किया. इस हमले में दो लोगों की मौत हो गई जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हुए. ग्रेटर मैनचेस्टर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संदिग्ध हमलावर को गोली मार दी. ये घटना क्रम्पसल इलाके के हीटन पार्क हिब्रू कांग्रिगेशन सिनगॉग के बाहर हुई. इस हमले के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई और घटना को लेकर ब्रिटेन के प्रधानमंत्री और स्थानीय प्रशासन ने कड़ी निंदा की.

कैसे हुआ ये हमला?

ग्रेटर मैनचेस्टर पुलिस ने जानकारी दी कि सुबह 9:31 बजे (स्थानीय समय) उन्हें एक सूचना मिली कि एक कार लोगों की ओर तेजी से दौड़ाई गई और वहां मौजूद एक व्यक्ति पर चाकू से हमला किया गया. पुलिस ने बताया कि सुबह 9:38 बजे फायरिंग की गई और संदिग्ध हमलावर को मौके पर ही मार गिराया गया.

PM कीर स्टार्मर ने जताई नाराजगी

ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने इस हमले को 'हॉरिफिक' यानी भयावह बताया. उन्होंने कहा कि मैं क्रम्पसल के सिनगॉग में हुए हमले से स्तब्ध हूं. यहूदी कैलेंडर के सबसे पवित्र दिन ‘योम किप्पुर’ पर ऐसा होना और भी भयावह है. मेरी संवेदनाएं पीड़ितों के परिवारों के साथ हैं और मैं आपातकालीन सेवाओं व पहले पहुंचने वाले सभी कर्मियों का आभार व्यक्त करता हूं.

आपातकालीन सेवाएं सक्रिय

नॉर्थ वेस्ट एंबुलेंस सर्विस ने इस घटना को 'मेजर इंसिडेंट' घोषित किया और कहा कि बड़ी संख्या में संसाधन और स्टाफ मौके पर तैनात किए गए हैं. वे अन्य आपातकालीन सेवाओं के साथ मिलकर पीड़ितों की सहायता में जुटे हुए हैं.

मेयर ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील

ग्रेटर मैनचेस्टर के मेयर एंडी बर्नहैम ने इस हमले को 'गंभीर घटना' बताया लेकिन जनता से शांत रहने की अपील की. उन्होंने कहा कि तत्काल खतरा अब खत्म हो चुका है और पुलिस ने बेहद तेजी से हालात संभाल लिए हैं. लोगों से अनुरोध है कि इस क्षेत्र से दूर रहें.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो