Buddha Purnima 2026: 30 अप्रैल या 1 मई? जानें कब मनाई जाएगी बुद्ध पूर्णिमा और इसका महत्व
बुद्ध पूर्णिमा भगवान गौतम बुद्ध के जीवन से जुड़ा सबसे पवित्र दिन है. साल 2026 में इसे लेकर लोगों के मन में सवाल है कि यह 30 अप्रैल को मनाई जाएगी या 1 मई को. आइए जानते हैं सही तिथि और इसका महत्व.

बुद्ध पूर्णिमा 2026: बुद्ध पूर्णिमा भगवान गौतम बुद्ध के जीवन से जुड़ा सबसे पवित्र और विशेष अवसर माना जाता है. इस दिन श्रद्धालु उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लेते हैं. यह पर्व जीवन के गहरे सत्य और मूलभूत सिद्धांतों को समझने का अवसर भी देता है.
यह दिन हमें यह भी सिखाता है कि जीवन में दुख आना स्वाभाविक है, लेकिन उससे बाहर निकलने का मार्ग भी हमारे भीतर ही मौजूद होता है. जरूरत सिर्फ उसे समझने और अपनाने की होती है. ऐसे में आइए जानते हैं कि साल 2026 में बुद्ध पूर्णिमा किस दिन मनाई जाएगी.
बुद्ध पूर्णिमा 2026 कब है?
साल 2026 में बुद्ध पूर्णिमा 1 मई को मनाई जाएगी. पूर्णिमा तिथि 30 अप्रैल की रात 09:12 बजे से शुरू होकर 1 मई की रात 10:52 बजे तक रहेगी.
बुद्ध पूर्णिमा कैसे मनाई जाती है?
बुद्ध पूर्णिमा के दिन श्रद्धालु प्रातः स्नान कर भगवान बुद्ध की विधि-विधान से पूजा करते हैं और उनके उपदेशों को याद करते हैं. मंदिरों में विशेष आयोजन किए जाते हैं, जहां भिक्षु और विद्वान बुद्ध के जीवन और शिक्षाओं पर प्रकाश डालते हैं. इस दिन लोग ध्यान और प्रार्थना के माध्यम से अपने मन को शांत करने का प्रयास करते हैं. कई जगहों पर सामूहिक रूप से धर्म प्रवचन सुने जाते हैं और ध्यान साधना की जाती है.
इस दिन जरूरतमंदों को पानी से भरा घड़ा दान करना अत्यंत शुभ माना जाता है. भीषण गर्मी को ध्यान में रखते हुए पंखा, चप्पल, छाता, अनाज या फल का दान करना भी पुण्यदायी माना जाता है.
बुद्ध पूर्णिमा का महत्व
बुद्ध पूर्णिमा बौद्ध धर्म के अनुयायियों के लिए सबसे महत्वपूर्ण और पवित्र पर्व है. यह दिन खास इसलिए है क्योंकि भगवान बुद्ध के जीवन की तीन प्रमुख घटनाएं इसी दिन घटी थीं- लुम्बिनी में उनका जन्म, ज्ञान की प्राप्ति और कुशीनगर में उनका महापरिनिर्वाण.
यह पर्व पूरी दुनिया को शांति, करुणा और अहिंसा का संदेश देता है. बुद्ध का उपदेश है कि "घृणा को घृणा से नहीं, बल्कि प्रेम से ही जीता जा सकता है."
Disclaimer: यहां दी गई जानकारियां धार्मिक आस्था और लोक मान्यताओं पर आधारित हैं. इसका कोई भी वैज्ञानिक प्रमाण नहीं है.जेबीटी एक भी बात की सत्यता का प्रमाण नहीं देता है.


