IND vs NAM: आज भारत की प्लेइंग 11 में होंगे कई बदलाव, अभिषेक-सिराज बाहर!

टी20 विश्व कप 2026 में आज भारत और नामीबिया के बीच मुकाबला दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जाएगा. इस मैच से पहले भारतीय खेमे में सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा की फिटनेस को लेकर चिंता बनी हुई है.

Suraj Mishra
Edited By: Suraj Mishra

टी20 विश्व कप 2026 में भारतीय टीम अपने दूसरे मुकाबले के लिए तैयार है, जहां उसका सामना नामीबिया से होगा. यह मैच गुरुवार को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जाएगा. टीम इंडिया ने टूर्नामेंट की शुरुआत जीत के साथ की थी और अब कप्तान सूर्यकुमार यादव की अगुवाई में टीम उसी जीत की लय को जारी रखने के इरादे से मैदान में उतरेगी. 

अभिषेक शर्मा की फिटनेस को लेकर चिंता

नामीबिया की टीम को इसी मैदान पर नीदरलैंड के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था. इसलिए वह इस मुकाबले में वापसी की पूरी कोशिश करेगी. इस मैच से पहले भारतीय खेमे में सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा की फिटनेस को लेकर चिंता बनी हुई है. वह पेट के संक्रमण और बुखार से परेशान रहे और उन्हें दिल्ली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा था. हालांकि अब उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिल गई है, लेकिन उनकी मैच फिटनेस को लेकर अंतिम फैसला टीम प्रबंधन को लेना होगा. यदि अभिषेक पूरी तरह फिट नहीं हो पाते हैं तो उनकी जगह संजू सैमसन को पारी की शुरुआत करने का मौका मिल सकता है. 

सैमसन अपनी आक्रामक बल्लेबाजी के लिए जाने जाते हैं और पावरप्ले में तेज रन जुटाने की क्षमता रखते हैं. गेंदबाजी विभाग में भारत को बड़ी राहत मिल सकती है. पहले मैच में अमेरिका के खिलाफ बुखार के कारण जसप्रीत बुमराह नहीं खेल पाए थे, लेकिन अब वह पूरी तरह फिट बताए जा रहे हैं. उन्होंने नेट्स में अभ्यास भी किया है, जिससे संकेत मिलते हैं कि नामीबिया के खिलाफ वह अंतिम एकादश में शामिल हो सकते हैं. उनकी वापसी से भारतीय तेज आक्रमण को मजबूती मिलेगी, खासकर अंतिम ओवरों में. अगर बुमराह टीम में आते हैं तो मोहम्मद सिराज को बाहर बैठना पड़ सकता है.

अमेरिका के खिलाफ खराब प्रदर्शन

अमेरिका के खिलाफ मुकाबले में सूर्यकुमार यादव को छोड़कर अन्य बल्लेबाज उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सके थे. 15 फरवरी को पाकिस्तान के खिलाफ होने वाले अहम मुकाबले से पहले यह मैच भारतीय बल्लेबाजों के लिए लय हासिल करने का अच्छा अवसर होगा. यदि सैमसन और ईशान किशन ओपनिंग करते हैं तो टीम को तेज शुरुआत मिल सकती है. मध्यक्रम में तिलक वर्मा और कप्तान सूर्यकुमार यादव पर बड़ी जिम्मेदारी रहेगी, जबकि रिंकू सिंह फिनिशर की भूमिका निभा सकते हैं.

टीम संतुलन बनाए रखने के लिए तीन ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे और अक्षर पटेल के साथ उतर सकती है. स्पिन की जिम्मेदारी वरुण चक्रवर्ती और अक्षर संभाल सकते हैं, जबकि तेज गेंदबाजी में अर्शदीप सिंह और बुमराह की जोड़ी अहम भूमिका निभा सकती है. कुल मिलाकर भारत इस मुकाबले में जीत दर्ज कर आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ना चाहेगा.

भारत की संभावित प्लेइंग इलेवन

ईशान किशन, संजू सैमसन, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), रिंकू सिंह, तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, वरुण चक्रवर्ती, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह.

भारतीय टीम स्क्वॉड

सूर्यकुमार यादव (कप्तान), संजू सैमसन, ईशान किशन, तिलक वर्मा, रिंकू सिंह, हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, वरुण चक्रवर्ती, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, अभिषेक शर्मा, कुलदीप यादव, वॉशिंगटन सुंदर, मोहम्मद सिराज.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag