'हमें अपनी नारी शक्ति पर गर्व है!' U19 वर्ल्ड कप जीतने पर PM मोदी ने दी टीम इंडिया को बधाई
U19 महिला टी20 वर्ल्ड कप 2025 के फाइनल में टीम इंडिया ने साउथ अफ्रीका को 9 विकेट से हराकर धमाकेदार जीत दर्ज की. इस जीत पर PM मोदी ने भी खास अंदाज में बधाई दी और भारतीय नारी शक्ति की तारीफ की. लेकिन इस मैच में ऐसा क्या खास हुआ जिसने सबको चौंका दिया? कौन बना प्लेयर ऑफ द मैच और प्लेयर ऑफ द सीरीज? जानिए इस ऐतिहासिक जीत की पूरी कहानी!

U19 Womens World Cup 2025: भारत की युवा महिला क्रिकेट टीम ने एक बार फिर इतिहास रच दिया! U19 महिला टी20 वर्ल्ड कप 2025 के फाइनल में भारत ने साउथ अफ्रीका को 9 विकेट से हराकर खिताब अपने नाम किया. निकी प्रसाद की अगुवाई में टीम इंडिया ने बेहतरीन खेल दिखाया और दूसरी बार इस प्रतिष्ठित ट्रॉफी पर कब्जा जमाया. इस शानदार जीत के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी टीम को बधाई दी और खिलाड़ियों के साहस व मेहनत की जमकर सराहना की.
PM मोदी ने टीम को दी खास बधाई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय महिला क्रिकेट टीम की इस शानदार जीत पर ट्वीट किया. उन्होंने लिखा,
"हमें अपनी नारी शक्ति पर गर्व है! U19 टी20 वर्ल्ड कप 2025 जीतने वाली भारतीय टीम को बधाई. यह जीत टीम वर्क, धैर्य और दृढ़ संकल्प का नतीजा है. यह जीत आने वाले समय में कई एथलीटों को प्रेरित करेगी. भारतीय टीम को भविष्य के प्रयासों के लिए शुभकामनाएं!"
Immensely proud of our Nari Shakti! Congratulations to the Indian team for emerging victorious in the ICC U19 Women’s T20 World Cup 2025. This victory is the result of our excellent teamwork as well as determination and grit. It will inspire several upcoming athletes. My best… pic.twitter.com/Z2nbGaolSg
— Narendra Modi (@narendramodi) February 2, 2025
कैसे भारत बना चैंपियन?
फाइनल मुकाबले में साउथ अफ्रीका की टीम ने पहले बल्लेबाजी की, लेकिन भारतीय गेंदबाजों ने कमाल कर दिया. साउथ अफ्रीका की टीम 20 ओवर में सिर्फ 82 रन बनाकर ऑलआउट हो गई. इसके बाद भारतीय टीम ने 83 रनों का आसान लक्ष्य महज 11.2 ओवर में 1 विकेट गंवाकर हासिल कर लिया. इस जीत में गोंगाडी तृषा का अहम योगदान रहा, जिन्हें 'प्लेयर ऑफ द मैच' और 'प्लेयर ऑफ द सीरीज' का अवॉर्ड मिला.
दूसरी बार चैंपियन बनी भारतीय टीम
इससे पहले साल 2023 में शेफाली वर्मा की कप्तानी में भारत ने पहला U19 महिला टी20 वर्ल्ड कप जीता था. अब 2025 में निकी प्रसाद की अगुवाई में टीम इंडिया ने एक और खिताब अपने नाम किया, जिससे भारतीय महिला क्रिकेट को एक नई ऊंचाई मिली है. भारत की इस जीत ने पूरे देश को गर्व महसूस कराया है. यह सफलता सिर्फ क्रिकेट ही नहीं, बल्कि हर युवा महिला खिलाड़ी के लिए प्रेरणा है कि अगर मेहनत और लगन से खेला जाए, तो दुनिया की कोई भी ट्रॉफी दूर नहीं. बधाई हो, टीम इंडिया!


