आखिरी गेंद तक चला सांसें थमा देने वाला मैच, 6 रनों से जीता RR, GT के फैंस परेशान
राजस्थान रॉयल्स ने रोमांचक मुकाबले में गुजरात टाइटंस को हराकर शानदार जीत दर्ज की. मैच में रवि बिश्नोई और तुषार देशपांडे ने शानदार गेंदबाजी की.

राजस्थान रॉयल्स ने रोमांचक अंदाज में गुजरात टाइटंस को हराकर शानदार जीत दर्ज की. मैच का नतीजा आखिरी ओवर में तय हुआ, जहां राजस्थान के गेंदबाज तुषार देशपांडे ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 11 रन का बचाव कर लिया. गुजरात को जीत के लिए अंतिम छह गेंदों में 11 रन चाहिए थे, लेकिन देशपांडे ने केवल 4 रन ही दिए और टीम को जीत दिला दी.
ध्रुव जुरेल ने शानदार 75 रन बनाए
अहमदाबाद में खेले गए इस मुकाबले में राजस्थान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया. टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 210 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया. राजस्थान की ओर से ध्रुव जुरेल ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 75 रन बनाए, जबकि यशस्वी जायसवाल ने 55 रनों का अहम योगदान दिया. इन दोनों की पारियों की बदौलत टीम बड़े स्कोर तक पहुंचने में सफल रही.
लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुजरात टाइटंस की शुरुआत अच्छी रही. टीम ने 10 ओवर के बाद 1 विकेट के नुकसान पर 101 रन बना लिए थे और मुकाबले में मजबूत स्थिति में दिख रही थी. साई सुदर्शन ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 73 रन बनाए, लेकिन 11वें ओवर में उनके आउट होते ही मैच का रुख बदल गया.
सुदर्शन के विकेट के बाद गुजरात की पारी लड़खड़ा गई और टीम ने जल्दी-जल्दी विकेट गंवाने शुरू कर दिए. 15 ओवर तक स्कोर 161 रन पर 7 विकेट हो गया, जिससे टीम दबाव में आ गई. राजस्थान के इम्पैक्ट प्लेयर रवि बिश्नोई ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट झटके और विपक्षी बल्लेबाजों को टिकने नहीं दिया. इसके अलावा नांद्रे बर्गर और रियान पराग ने भी 1-1 विकेट हासिल किया.
तुषार देशपांडे की शानदाक गेंदबाजी
हालांकि अंत के ओवरों में राशिद खान और कगिसो रबाडा ने तेजी से रन बनाए और मैच को रोमांचक बना दिया. दोनों ने मिलकर 4 ओवर में 39 रन जोड़ दिए, जिससे गुजरात फिर मुकाबले में लौटती नजर आई. लेकिन आखिरी ओवर में तुषार देशपांडे ने दबाव में शानदार प्रदर्शन करते हुए गुजरात की उम्मीदों पर पानी फेर दिया और राजस्थान को 6 रन से जीत दिला दी.


