हाई-प्रोफाइल मुकाबले से पहले सलमान अली का बड़ा बयान, 'अतीत नहीं बदल सकता, लेकिन भविष्य हमारे हाथ में'
टी20 विश्व कप 2026 का सबसे हाई-प्रोफाइल मुकाबला 15 फरवरी को भारत और पाकिस्तान के बीच खेला जाएगा. मैच से पहले पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में भारत के खिलाफ अपनी टीम के प्रदर्शन और रणनीति को लेकर खुलकर बात की.

टी20 विश्व कप 2026 का सबसे हाई-प्रोफाइल मुकाबला 15 फरवरी को भारत और पाकिस्तान के बीच खेला जाएगा. यह रोमांचक भिड़ंत आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप 2026 के 27वें मैच के रूप में आर. प्रेमदासा स्टेडियम, कोलंबो में आयोजित होगी. दोनों टीमों के बीच होने वाला यह मुकाबला हमेशा की तरह क्रिकेट प्रेमियों के लिए बेहद खास और भावनात्मक माना जा रहा है.
पीसी में सलमान अली आगा ने क्या कहा?
मैच से पहले पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में भारत के खिलाफ अपनी टीम के प्रदर्शन और रणनीति को लेकर खुलकर बात की. उन्होंने स्वीकार किया कि टी20 विश्व कप में पाकिस्तान का रिकॉर्ड भारत के खिलाफ संतोषजनक नहीं रहा है. आंकड़ों के अनुसार, दोनों टीमें इस टूर्नामेंट में अब तक आठ बार आमने-सामने आई हैं, जिनमें भारत ने सात मुकाबलों में जीत दर्ज की है, जबकि पाकिस्तान को सिर्फ एक बार सफलता मिली है.
पाकिस्तानी कप्तान ने कहा कि अतीत के आंकड़े टीम के लिए चुनौती जरूर हैं, लेकिन हर मैच एक नया अवसर लेकर आता है. उनका मानना है कि इतिहास बदला नहीं जा सकता, लेकिन वर्तमान में बेहतर प्रदर्शन करके नई कहानी लिखी जा सकती है. उन्होंने यह भी भरोसा जताया कि उनकी टीम पूरी तैयारी और सकारात्मक सोच के साथ मैदान में उतरेगी.
इस मुकाबले से पहले भारतीय टीम के युवा सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा की फिटनेस को लेकर भी चर्चा तेज है. उन्होंने टूर्नामेंट के पहले मैच में अमेरिका के खिलाफ खेला था, लेकिन बिना खाता खोले आउट हो गए थे. इसके बाद बीमारी के कारण वह नामीबिया के खिलाफ मैच में हिस्सा नहीं ले सके. हालांकि, अब उनके पाकिस्तान के खिलाफ मैदान में उतरने की संभावना जताई जा रही है.
आगा ने की अभिषेक की तारीफ
सलमान अली आगा ने अभिषेक की तारीफ करते हुए कहा कि वह एक प्रतिभाशाली खिलाड़ी हैं और पाकिस्तान की टीम भारत की सर्वश्रेष्ठ संयोजन के खिलाफ खेलने के लिए तैयार रहना चाहती है. उन्होंने उम्मीद जताई कि अभिषेक जल्द पूरी तरह फिट होकर मैदान में वापसी करेंगे.
भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाला यह मुकाबला सिर्फ दो टीमों के बीच नहीं, बल्कि करोड़ों प्रशंसकों की भावनाओं से जुड़ा होता है. ऐसे में दोनों पक्ष जीत हासिल करने के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने की कोशिश करेंगे, जिससे क्रिकेट प्रेमियों को एक यादगार मैच देखने को मिल सके.


