15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने फिर रचा इतिहास, चौके-छक्कों की बरसात कर तोड़ा वर्ल्ड रिकॉर्ड
आईपीएल 2026 में वैभव सूर्यवंशी ने अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम किए. सीजन के अंत तक उन्होंने एक ऐसा विश्व रिकॉर्ड बना दिया, जिसने उनका नाम दिग्गजों की सूची में शामिल हो चुका है.

नई दिल्ली: आईपीएल 2026 का सीजन कई शानदार प्रदर्शनों के लिए याद रखा जाएगा, लेकिन जिस खिलाड़ी ने सबसे ज्यादा सुर्खियां बटोरीं, वह रहे 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी. अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम किए. भले ही उनकी टीम राजस्थान रॉयल्स खिताब की दौड़ में आगे नहीं बढ़ सकी, लेकिन वैभव ने अपने प्रदर्शन से ऐसा इतिहास रच दिया जिसे लंबे समय तक याद रखा जाएगा.
गुजरात टाइटंस के खिलाफ खेले गए आईपीएल 2026 के क्वालीफायर-2 मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी ने 96 रन की शानदार पारी खेली. वह शतक के बेहद करीब पहुंचकर चूक गए, लेकिन इस पारी ने उन्हें एक और विश्व रिकॉर्ड दिला दिया. उन्होंने अपनी पारी के दौरान 8 चौके और 7 छक्के लगाए और पूरे सीजन में बाउंड्री लगाने के मामले में नया कीर्तिमान स्थापित कर दिया.
एक टी20 टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा बाउंड्री
वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल 2026 में कुल 135 बाउंड्री लगाईं. इसमें 63 चौके और 72 छक्के शामिल रहे. इसी के साथ उन्होंने टी20 क्रिकेट के किसी एक टूर्नामेंट या सीरीज में सबसे ज्यादा बाउंड्री लगाने का विश्व रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया. इससे पहले यह रिकॉर्ड इंग्लैंड के पूर्व कप्तान जोस बटलर के नाम था. बटलर ने आईपीएल 2022 में राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलते हुए 128 बाउंड्री लगाई थीं. उस सीजन उन्होंने 83 चौके और 45 छक्के जड़े थे. अब वैभव ने उन्हें पीछे छोड़ते हुए नया रिकॉर्ड कायम कर दिया है. सबसे खास बात यह रही कि वैभव ने चौकों से ज्यादा छक्के लगाए.
टी20 टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा बाउंड्री लगाने वाले टॉप-5 बल्लेबाज
वैभव सूर्यवंशी- 135 बाउंड्री (63 चौके, 72 छक्के) - IPL 2026
जोस बटलर- 28 बाउंड्री (83 चौके, 45 छक्के) - IPL 2022
विराट कोहली- 121 बाउंड्री (83 चौके, 38 छक्के) - IPL 2016
डेविड वॉर्नर- 119 बाउंड्री (88 चौके, 31 छक्के) - IPL 2016
शुभमन गिल- 118 बाउंड्री (85 चौके, 33 छक्के) - IPL 2023
रन बनाने के मामले में भी बनाया खास रिकॉर्ड
वैभव सूर्यवंशी सिर्फ बाउंड्री लगाने तक ही सीमित नहीं रहे. उन्होंने पूरे सीजन में 16 मैचों में 776 रन बनाए और आईपीएल के एक सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ियों की सूची में अपनी जगह दर्ज कराई. इस उपलब्धि के साथ वह आईपीएल इतिहास में एक सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले तीसरे भारतीय और कुल पांचवें बल्लेबाज बन गए हैं.
दिग्गजों की सूची में शामिल हुआ नाम
आईपीएल के एक सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ियों की सूची में अब वैभव सूर्यवंशी का नाम भी शामिल हो गया है. इस सूची में पहले से विराट कोहली, शुभमन गिल, डेविड वॉर्नर और जोस बटलर जैसे बड़े नाम मौजूद हैं. विराट कोहली के नाम आईपीएल के एक सीजन में सबसे ज्यादा 963 रन बनाने का रिकॉर्ड दर्ज है. उनके अलावा अभी तक कोई भी बल्लेबाज 900 रन के आंकड़े तक नहीं पहुंच पाया है. शुभमन गिल 2023 में 890 रन बनाकर इस रिकॉर्ड के सबसे करीब पहुंचे थे.


