108 लड़कियों से दरिंदगी, 350 क्लिप्स वायरल... कैसे फंसीं युवतियां? अमरावती में मचा हड़कंप
महाराष्ट्र के अमरावती जिले के परतवाड़ा में एक चौंकाने वाला वीडियो कांड सामने आया है. 350 से ज्यादा आपत्तिजनक वीडियो वायरल हो गए, जिनमें 108 से अधिक लड़कियों के शोषण का आरोप है. आरोपी पर लड़कियों को फंसाकर वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने का गंभीर मामला दर्ज हुआ है.

महाराष्ट्र के अमरावती जिले में एक बेहद चौंकाने वाला अश्लील वीडियो कांड सामने आया है. परतवाड़ा क्षेत्र से जुड़े इस मामले में सोशल मीडिया पर 350 से ज्यादा आपत्तिजनक वीडियो वायरल हो चुके हैं, जिनमें कई युवतियों और नाबालिग लड़कियों के साथ शोषण की घटनाएं दर्ज की गई हैं. पुलिस ने मुख्य आरोपी मोहम्मद अयान को गिरफ्तार कर लिया है.
आरोप है कि आरोपी युवतियों को प्रेम के जाल में फंसाकर उनके निजी वीडियो बनाता था और फिर ब्लैकमेलिंग के जरिए उनका यौन शोषण करता था. इन वीडियो को बाद में इंस्टाग्राम और टेलीग्राम पर वायरल किया गया, जिससे पूरे जिले में सनसनी फैल गई है.
कैसे फंसीं युवतियां?
मुख्य आरोपी मोहम्मद अयान पर आरोप है कि वह युवतियों को प्रेम संबंधों में फंसाता, उनके साथ अश्लील वीडियो रिकॉर्ड करता और फिर उन वीडियो के आधार पर ब्लैकमेल करके यौन शोषण करता था. पुलिस के अनुसार इस मामले में करीब 108 लड़कियों के शोषण का दावा किया जा रहा है, जिनमें कई नाबालिग भी शामिल हैं.
दूसरे आरोपी की एंट्री, मामले की गंभीरता बढ़ी
इस मामले में अब एक और आरोपी सामने आया है. पुलिस ने 20 वर्षीय हुजेर खान इकबाल खान को भी आरोपी बनाया है. जांच में पता चला है कि आरोपी युवतियों को प्रेम जाल में फंसाकर उनका शोषण करते थे और वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर शेयर किए जाते थे. पुलिस को आशंका है कि शिकायतकर्ताओं की संख्या और बढ़ सकती है, जिससे आरोपी और दर्ज मामलों की संख्या में इजाफा हो सकता है.
पॉक्सो एक्ट समेत कई धाराओं में केस दर्ज
अमरावती पुलिस ने इस गंभीर मामले में पॉक्सो एक्ट के साथ अन्य संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया है. मुख्य आरोपी मोहम्मद अयान को गिरफ्तार कर लिया गया है. साइबर सेल की टीम भी जांच में शामिल हो गई है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इतने बड़े पैमाने पर वीडियो वायरल होने के पीछे कोई संगठित नेटवर्क तो नहीं है.
पुलिस अधीक्षक की अपील
अमरावती के पुलिस अधीक्षक विशाल आनंद ने पीड़ित लड़कियों से अपील की है कि वे डरकर न छिपें और आगे आकर अपनी शिकायत दर्ज कराएं. उन्होंने भरोसा दिलाया कि सभी फरियादियों की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी और उन्हें हर संभव सुरक्षा प्रदान की जाएगी.
स्थानीय स्तर पर आक्रोश और SIT की मांग
इस घटना के बाद अमरावती में भारी आक्रोश फैल गया है. स्थानीय लोग और विभिन्न सामाजिक संगठनों ने मामले की निष्पक्ष और तेज जांच की मांग की है. कई संगठनों ने विशेष जांच दल गठित करने की मांग उठाई है. आरोपी के कथित राजनीतिक संबंधों को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है, जिससे मामला सियासी रंग लेता दिख रहा है. पुलिस का कहना है कि जांच पूरी तरह निष्पक्ष तरीके से की जाएगी और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा.


