स्वर्ण मंदिर को बम से उड़ाने की धमकी, SGPC को मिला ईमेल, पुलिस अलर्ट पर

स्वर्ण मंदिर के लंगर हॉल पर बम हमले की धमकी दी गई. इस मामले में जांच शुरू कर दी गई है. 

Suraj Mishra
Edited By: Suraj Mishra

अमृतसर स्थित सिख धर्म का सबसे पवित्र स्थल स्वर्ण मंदिर एक बार फिर सुरक्षा कारणों से चर्चा में है. सोमवार को शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक समिति (SGPC) को एक ईमेल प्राप्त हुआ, जिसमें मंदिर के लंगर हॉल को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है. इस धमकी ने न केवल स्थानीय प्रशासन को सतर्क कर दिया, बल्कि श्रद्धालुओं में भी भय और चिंता का माहौल बना दिया.

लंगर हॉल को उड़ाने की धमकी

स्वर्ण मंदिर को श्री हरमंदिर साहिब या दरबार साहिब के नाम से भी जाना जाता है. यहां प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु दर्शन करने पहुंचते हैं. ऐसे में सुरक्षा को लेकर इस प्रकार की कोई भी धमकी गंभीर रूप से ली जा रही है. SGPC के अध्यक्ष हरजिंदर सिंह धामी ने इस ईमेल की पुष्टि करते हुए कहा कि उन्हें मंदिर के लंगर हॉल को उड़ाने की धमकी मिली, जिसके बाद उन्होंने तुरंत इसकी जानकारी पुलिस प्रशासन को दे दी.

धमकी की सूचना मिलते ही अमृतसर पुलिस हरकत में आ गई और जांच शुरू कर दी. पुलिस सूत्रों के अनुसार, वरिष्ठ अधिकारी इस पूरे मामले की निगरानी कर रहे हैं और ईमेल की वास्तविकता और स्रोत का पता लगाने के लिए साइबर सेल की मदद ली जा रही है. पुलिस इस पूरे घटनाक्रम को अत्यंत गंभीरता से ले रही है.

इस बीच SGPC ने भी मंदिर परिसर की सुरक्षा को और कड़ा कर दिया है. मंदिर के आस-पास अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है. वहीं, सीसीटीवी और अन्य निगरानी उपायों को और मजबूत किया गया है.

धमकी देने वाले की पहचान नहीं हुई

हालांकि अभी तक धमकी देने वाले की पहचान नहीं हो सकी है, लेकिन पुलिस का कहना है कि जल्द ही इस मामले में कोई ठोस जानकारी सामने आ सकती है. SGPC ने श्रद्धालुओं से शांति बनाए रखने की अपील की है और भरोसा दिलाया है कि सुरक्षा को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जा रही है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag