बिहार चुनाव से पहले कांग्रेस का बड़ा दांव, महिलाओं को बांटे जाएंगे 5 लाख सेनेटरी पैड, कवर पर राहुल गांधी की फोटो

बिहार चुनाव से पहले कांग्रेस ने ‘माई-बहन मान योजना’ के तहत 5 लाख महिलाओं को मुफ्त सेनेटरी पैड बांटने की घोषणा की, जिन पर राहुल गांधी की तस्वीर है. बीजेपी ने इसे महिलाओं का अपमान बताते हुए कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है.

Simran Sachdeva

बिहार में चुनावी सरगर्मी तेज होती जा रही है और इसी बीच कांग्रेस ने महिला वोटरों को साधने के लिए एक बड़ा अभियान शुरू करने का ऐलान किया है. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश कुमार ने शुक्रवार को पटना में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर घोषणा की कि पार्टी राज्य में 5 लाख महिलाओं को मुफ्त सेनेटरी पैड वितरित करेगी. इस पैड के पैकेट पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी की तस्वीर लगी है और योजना का नाम दिया गया है- माई-बहन मान योजना.

वहीं बीजेपी ने इसे राहुल गांधी की ‘छवि चमकाने’ की कोशिश बताते हुए महिलाओं का अपमान करार दिया है. अब यह योजना बिहार की सियासत में नए सियासी द्वंद्व की जमीन तैयार करती दिख रही है.

माई-बहन मान योजना के तहत सेनेटरी पैड वितरण

राजेश कुमार ने कहा कि कांग्रेस महिला कांग्रेस के माध्यम से माई-बहन मान योजना के अंतर्गत राज्य की जरूरतमंद महिलाओं को सेनेटरी पैड बांटेगी. उनका दावा है कि महिलाओं के स्वास्थ्य के मुद्दे पर कांग्रेस गंभीर है और इस योजना का उद्देश्य महिलाओं में हेल्थ अवेयरनेस बढ़ाना है. पैड के डिब्बे पर लिखा गया है- जरूरतमंद महिलाओं को सम्मान राशि: 2500 रुपये महीना. इस स्लोगन के साथ राहुल गांधी की तस्वीर भी छपी हुई है.

हेल्थ अवेयरनेस के साथ सियासी माइलेज भी?

राज्य कांग्रेस अध्यक्ष के अनुसार, हमारा लक्ष्य है कि यह अभियान राज्य की 5 लाख महिलाओं तक पहुंचे. महिला कांग्रेस की टीम गांव-गांव जाकर महिलाओं को पैड देगी और साथ ही मासिक धर्म से जुड़ी स्वच्छता के विषय पर जागरूक करेगी. राजनीतिक विश्लेषकों के मुताबिक, यह अभियान कांग्रेस को ग्रामीण और अर्ध-शहरी क्षेत्रों की महिलाओं के बीच एक मजबूत संदेश देने में मदद कर सकता है. 

बीजेपी ने बताया 'महिलाओं का अपमान'

कांग्रेस की इस पहल पर बीजेपी ने तीखी प्रतिक्रिया दी है. बीजेपी प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने कहा कि सेनेटरी पैड पर राहुल गांधी की तस्वीर लगाना बिहार की महिलाओं का अपमान है. कांग्रेस को महिलाओं की चिंता नहीं, उन्हें सिर्फ राहुल गांधी का प्रचार करना है. उन्होंने इसे राजनीतिक स्वार्थ और नारी गरिमा के खिलाफ बताते हुए दावा किया कि बिहार की महिलाएं इस अपमान का जवाब आने वाले चुनाव में जरूर देंगी.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag