जन्माष्टमी पर ड्यूटी में लापरवाही बरतने पर दिल्ली पुलिस कमिश्नर सख्त, इंस्पेक्टर समेत आठ पुलिसकर्मी सस्पेंड
दिल्ली में जन्माष्टमी के अवसर पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बड़ी चूक सामने आई है. इसके चलते आठ पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है.

Eight Policemen Suspended: दिल्ली में जन्माष्टमी के अवसर पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बड़ी चूक सामने आई है. आउटर नॉर्थ जिले के इस्कॉन मंदिर में सुरक्षा प्रबंधों का निरीक्षण करने पहुंचे पुलिस कमिश्नर एसबीके सिंह को कई खामियों का सामना करना पड़ा. उन्होंने पाया कि कई पुलिसकर्मी अपनी ड्यूटी से गैरहाजिर थे, जो एक गंभीर लापरवाही मानी जा रही है.
निलंबित कर्मियों में इंस्पेक्टर स्तर का अधिकारी शामिल
इस लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए विभाग ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आठ पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया. निलंबित कर्मियों में एक इंस्पेक्टर स्तर का अधिकारी भी शामिल है. इस आयोजन के दौरान पुलिसकर्मियों की अनुपस्थिति को सुरक्षा में बड़ी चूक के रूप में देखा जा रहा है, क्योंकि जन्माष्टमी जैसे बड़े त्योहारों पर मंदिरों में भारी भीड़ जुटती है. ऐसे में सुरक्षा इंतजामों की अहमियत और भी बढ़ जाती है.
पुलिस कमिश्नर ने लगाई फटकार
पुलिस कमिश्नर ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को फटकार लगाई और लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ विभागीय जांच के आदेश दिए हैं. अभी जिन आठ कर्मियों को सस्पेंड किया गया है, उनके अलावा भी कई अन्य पुलिसकर्मी ड्यूटी पर नहीं मिले थे. उन सभी की अनुपस्थिति के पीछे के कारणों की जांच की जा रही है. रिपोर्ट आने के बाद उनके खिलाफ भी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे.
पुलिस विभाग ने यह स्पष्ट किया है कि त्योहारों और सार्वजनिक आयोजनों के दौरान ड्यूटी में कोताही किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी. इस कार्रवाई के जरिए यह संदेश देने की कोशिश की गई है कि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कोई भी लापरवाही गंभीर अपराध मानी जाएगी. इस घटना ने पुलिस महकमे के भीतर सतर्कता और जवाबदेही की आवश्यकता को फिर से रेखांकित किया है.


