सारे रिकॉर्ड तोड़ चुकी है महंगाई और बेरोजगारी : Kumari Selja

कांग्रेस कार्यसमिति की सदस्य एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री कुमारी सैलजा ने कहा कि सच को दबाना भाजपा की आदत बन गई है।

Janbhawana Times

कांग्रेस कार्यसमिति की सदस्य एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री कुमारी सैलजा ने कहा कि सच को दबाना भाजपा की आदत बन गई है। भाजपा लगातार पत्रकारों की आवाज को दबाने के प्रयास कर रही है। भाजपा विधायक द्वारा जींद से पत्रकार अनिल कुमार जी के साथ बदसलूकी और उन्हें मानहानि का नोटिस भिजवाना अत्यंत निंदनीय है।

कुमारी सैलजा ने मुख्यमंत्री मनोहर लाल से पीड़ित पत्रकार को न्याय दिलाने की अपील की है। यहां जारी बयान में कुमारी सैलजा ने कहा कि देश में जो भी व्यक्ति भाजपा सरकार की गलत नीतियों के खिलाफ आवाज उठाता है, उसे एजेंसियों द्वारा प्रताड़ित करवाया जाता है या उसकी आवाज दबाने के लिए अन्य हथकंडे अपनाए जाते हैं। सरकार पूरी तरह से अहंकार में चूर है।

भाजपा लगातार लोकतंत्र का गला घोंटने का प्रयास कर रही है। हरियाणा प्रदेश में सरकार की गलत नीतियों के कारण जनता त्राहि-त्राहि कर रही है। हर तरफ भ्रष्टाचार का आलम है। महंगाई और बेरोजगारी सारे रिकॉर्ड तोड़ चुकी है। सरकार की जनविरोधी नीतियों से जनता कराह रही है। जनता की आवाज उठा रहे पत्रकारों की आवाज को दबाया जा रहा है।

यह अत्यंत ही निंदनीय है। कुमारी सैलजा ने कहा कि भाजपा और उसके नेता तानाशाही पर उतारू हैं। कांग्रेस पार्टी की लड़ाई इसी तानाशाही सोच के खिलाफ है। ऐसी हरकतों से सच्चाई को दबाया नहीं जा सकता है। उन्होंने कहा कि पत्रकार अनिल कुमार को इस मामले में न्याय मिलना चाहिए। इससे पहले भी हरियाणा प्रदेश में पत्रकारों की आवाज को दबाने के कुत्सित प्रयास होते रहे हैं। ऐसी हरकत किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जा सकती हैं।

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो