Video: बिना टिकट यात्री का बवाल... बोरीवली स्टेशन पर कंप्यूटर तोड़े, स्टाफ को धमकाया!
मुंबई के बोरीवली स्टेशन पर टिकट जांच के दौरान एक यात्री ने टीसी ऑफिस में तोड़फोड़ और कर्मचारियों पर हमला कर दिया, जिससे अफरा-तफरी मच गई. आरोपी का वीडियो वायरल होने के बाद GRP ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

मुंबई के बोरीवली रेलवे स्टेशन पर दोपहर करीब 3 बजे उस समय हंगामा मच गया जब टिकट जांच के दौरान एक बिना टिकट यात्री ने रेलवे कर्मचारियों पर हमला कर दिया और टिकट जांच कार्यालय में तोड़फोड़ कर डाली. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें आरोपी व्यक्ति रेलवे कर्मियों पर हमला करते और सरकारी उपकरणों को नुकसान पहुंचाते हुए नजर आ रहा है.
ये घटना 2 अगस्त को दोपहर करीब 3 बजे की है, जब विरार फास्ट लोकल ट्रेन में फर्स्ट क्लास डिब्बे में कुछ यात्री सेकेंड क्लास टिकट लेकर यात्रा कर रहे थे. जांच के दौरान एक व्यक्ति के पास तो टिकट भी नहीं था. इसी बात से नाराज होकर एक यात्री ने स्टेशन पर जमकर बवाल किया.
टिकट जांच के दौरान बढ़ा विवाद
रेलवे के नियमों के अनुसार, तीनों यात्रियों को बोरीवली स्टेशन पर ट्रेन से उतारकर टिकट कलेक्टर कार्यालय ले जाया गया. वहां उनके खिलाफ आवश्यक कागजी कार्रवाई की जा रही थी, लेकिन तभी माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया. एक यात्री ने ऑफिस में मौजूद स्टाफ पर हमला कर दिया और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाना शुरू कर दिया.
टीसी ऑफिस में तोड़फोड़ और हमला
हमलावर युवक ने कंप्यूटर के सीपीयू, मॉनिटर, कीबोर्ड सहित अन्य उपकरणों को तोड़ दिया. इस दौरान डिप्टी चीफ टिकट इंस्पेक्टर शमशेर इब्राहिम समेत कई रेलवे कर्मचारियों को चोटें आईं. वहीं आरोपी युवक भी घायल हो गया और वीडियो में उसे खून बहाते हुए देखा जा सकता है.
वायरल वीडियो में दिखी महिला की घबराहट
वीडियो में आरोपी को पीले कुर्ते में ऑफिस के अंदर चिल्लाते और सामान फेंकते हुए देखा जा सकता है. उसके साथ मौजूद एक महिला घबराई हुई नजर आई और एक समय तो ऐसा लगा जैसे उसे पैनिक अटैक आ गया हो. हालांकि, आरोपी ने उसे कुछ क्षणों के लिए शांत करने की कोशिश की, लेकिन फिर दोबारा तोड़फोड़ शुरू कर दी.
@RPF_INDIA @rpfwr1 @rpfwrbct Today 02/08/25 at Borivali station, a ticketless passenger beat up the TT and broke government computers and other valuables When government employees are not safe then how will the railways ensure the safety of the common man? @RailMinIndia @Gmwrly pic.twitter.com/2D9lxJNZ43
— Sujeet Mishra (@Sujeetmishra07) August 2, 2025
धमकी और 'धारावी कनेक्शन' का दावा
घटना के दौरान आरोपी ने स्टाफ को धमकाते हुए कहा कि मेरा नाम धारावी में लो, सब जानते हैं मुझे. इसके बाद उसने अपने साथियों को कहा कि iPhone से पूरी घटना की वीडियो रिकॉर्ड करें, ताकि वो शिकायत दर्ज करा सके.
कानूनी कार्रवाई जारी, RPF ने GRP को सौंपा मामला
रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने सभी यात्रियों को हिरासत में लेकर मामले को आगे की कार्रवाई के लिए गवर्नमेंट रेलवे पुलिस (GRP) को सौंप दिया है. फिलहाल, आरोपी के खिलाफ कानूनी प्रक्रिया जारी है और पुलिस वीडियो फुटेज के आधार पर सबूत जुटा रही है.


