'समोसे ले आना...' जब नहीं लाया पति तो गुस्साई बीवी ने बुलाई पंचायत, मायके वालों से भी पिटवाया

पीलीभीत में समोसे के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, पत्नी और उसके परिजनों ने पति और सास पर हमला किया. जिसके बाद, पुलिस ने पत्नी समेत चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी.

Simran Sachdeva

Uttar Pradesh news: उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले से एक अजीबोगरीब और हैरान करने वाला मामला सामने आया है. मामला समोसे की डिमांड पूरी ना होने पर पत्नी द्वारा ससुराल वालों को बुलाने का है. इसके बाद दोनों परिवारों के बीच पंचायत बैठी, लेकिन विवाद ने हिंसक मोड़ ले लिया. पंचायत के दौरान पत्नी और उसके परिजनों ने पति और सास पर हमला कर दिया. इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. परिवारिक झगड़े ने पुलिस को सक्रिय किया और मामला अब कानूनी मोड़ ले चुका है. पुलिस ने पत्नी समेत 4 लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

विवाद की पूरी कहानी

ये मामला सेहरामऊ उत्तरी क्षेत्र के भगवन्तापुर गांव का है. जानकारी के अनुसार, संगीता नाम की महिला ने 30 अगस्त को अपने पति शिवम से समोसे लाने को कहा था. किसी कारणवश पति समोसा नहीं लाया, जिससे संगीता नाराज हो गई. 31 अगस्त को पत्नी और पति के बीच विवाद बढ़ गया. गुस्से में संगीता ने अपने मायके वालों को ससुराल बुला लिया. पंचायत के दौरान, पूर्व ग्राम प्रधान अवधेश शर्मा की मौजूदगी में दोनों पक्षों ने बैठकर मामले की चर्चा की. इसी दौरान गुस्साई संगीता ने अपने परिजनों के साथ मिलकर पति शिवम और उसकी मां विजय कुमारी पर हमला कर दिया.

पत्नी समेत चार के खिलाफ मामला दर्ज

घटना का वीडियो वायरल होने के बाद, शिवम की मां विजय कुमारी ने लिखित शिकायत दर्ज कराई. कोतवाली पुरनपुर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 109 (हत्या का प्रयास) और मारपीट से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया. पीड़ितों के अनुसार, संगीता, उसकी माता ऊषा, पिता रामलड़ेते और मौसा रामोतार ने मिलकर इस हिंसक घटना को अंजाम दिया. पुलिस ने घायल को अस्पताल में भर्ती कराया और जांच शुरू कर दी है. पुलिस क्षेत्राधिकारी प्रतीक दहिया ने कहा कि आरोपी जल्द ही पकड़ में आएंगे और उनके खिलाफ विधिक कार्रवाई होगी.

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो ने पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना दिया है. विशेषज्ञों का कहना है कि छोटे-छोटे पारिवारिक विवादों का हिंसक रूप लेना चिंता का विषय है और इसे रोकने के लिए समाज और प्रशासन को सजग रहना होगा.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो