फाल्टा विधानसभा क्षेत्र में 285 बूथों पर दोबारा हुआ मतदान, जहांगीर खान ने उम्मीदवारी ली वापस

फाल्टा विधानसभा क्षेत्र में चुनावी अनियमितताओं की शिकायतों के बाद सभी 285 बूथों पर दोबारा मतदान कराया गया, जहां करीब 86.11 प्रतिशत वोटिंग दर्ज हुई.

Suraj Mishra
Edited By: Suraj Mishra

कोलकाता: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के दौरान दक्षिण 24 परगना जिले की फाल्टा विधानसभा क्षेत्र सीट पर गुरुवार को सभी 285 मतदान केंद्रों पर दोबारा मतदान कराया गया. चुनाव आयोग के मुताबिक, शाम तक लगभग 86.11 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया. हालांकि अंतिम आंकड़ों में और बढ़ोतरी की संभावना जताई गई है. मतदान सुबह 7 बजे शुरू हुआ और शाम 6 बजे शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ.

पुनर्मतदान कराने का फैसला क्यों लिया गया? 

फाल्टा विधानसभा क्षेत्र में पुनर्मतदान कराने का फैसला 29 अप्रैल को हुए दूसरे चरण के मतदान के बाद सामने आई कथित अनियमितताओं और शिकायतों के मद्देनजर लिया गया था. चुनाव आयोग ने निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए. अधिकारियों के अनुसार, क्षेत्र में केंद्रीय सुरक्षा बलों की करीब 35 कंपनियां तैनात की गईं. यह संख्या मूल मतदान के मुकाबले लगभग दोगुनी बताई जा रही है. प्रशासन ने सभी बूथों पर कड़ी निगरानी रखी ताकि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या हिंसा की संभावना को रोका जा सके.

इस बीच, चुनाव से ठीक पहले राजनीतिक घटनाक्रम भी तेजी से बदला. मंगलवार 19 मई को जहांगीर खान ने घोषणा की कि वह दोबारा चुनाव मैदान में नहीं उतरेंगे. वे तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार थे. पार्टी ने उनके फैसले को व्यक्तिगत निर्णय बताया और स्पष्ट किया कि यह संगठन का आधिकारिक फैसला नहीं था.

भाजपा ने देबांशु पांडा को उम्मीदवार बनाया 

दूसरी ओर, भारतीय जनता पार्टी ने इस सीट से देबांशु पांडा को उम्मीदवार बनाया है. फाल्टा सीट पर हुए पुनर्मतदान के नतीजे अब 24 मई को घोषित किए जाएंगे, जब पूरे राज्य में मतगणना होगी.

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 इस बार कई मायनों में ऐतिहासिक साबित हुआ. भाजपा ने राज्य की 207 सीटों पर जीत दर्ज कर स्पष्ट बहुमत हासिल किया. इसके साथ ही पार्टी ने पहली बार पश्चिम बंगाल में अपनी सरकार बनाई. वरिष्ठ भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली. राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद राजनीतिक माहौल लगातार गर्म बना हुआ है और फाल्टा सीट का पुनर्मतदान भी इसी व्यापक राजनीतिक परिदृश्य का हिस्सा माना जा रहा है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो