नई दिल्ली: अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में जारी गिरावट के बीच आज, 30 जून 2026 को भारतीय ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने पेट्रोल और डीजल के नए दाम जारी कर दिए हैं. वर्तमान में देश भर में ईंधन की कीमतें स्थिर बनी हुई हैं. वैश्विक बाजार की बात करें तो अमेरिकी WTI क्रूड 0.83 डॉलर सस्ता होकर 70.16 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया है, वहीं ब्रेंट क्रूड भी 1% से अधिक टूटकर 72.40 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा है.
मॉर्गन स्टेनली ने जताया राहत का अनुमान
ग्लोबल ब्रोकरेज फर्म मॉर्गन स्टेनली ने कच्चे तेल की कीमतों को लेकर एक राहत भरा अनुमान साझा किया है. बैंक के विश्लेषकों मार्टिन रैट्स, शार्लोट फिर्किंस और एमी गोवर द्वारा जारी एक नोट के अनुसार, होर्मुज जलडमरूमध्य से कच्चे तेल की आवाजाही उम्मीद से कहीं तेजी से सामान्य हो रही है. इसके अलावा, अमेरिका से मजबूत सप्लाई और चीन में कमजोर मांग के चलते बाजार में सरप्लस का खतरा बढ़ गया है. मॉर्गन स्टेनली ने 2026 की तीसरी तिमाही के लिए ब्रेंट क्रूड का अनुमान 15 डॉलर घटाकर 75 डॉलर प्रति बैरल कर दिया है.
कच्चे तेल की कीमतों में आई उछाल
देश के चार प्रमुख महानगरों में आज पेट्रोल और डीजल के दाम जारी कर दिए गए हैं. अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में आई भारी उछाल के बावजूद घरेलू स्तर पर ईंधन के दाम स्थिर बने हुए हैं. बता दे कि ईरान युद्ध शुरू होने के बाद से वैश्विक बाजार में कच्चा तेल करीब 50 फीसदी तक महंगा हो चुका है, जिसका असर आने वाले दिनों में देखने को मिल सकता है.
देश के प्रमुख शहरों में आज पेट्रोल-डीजल के भाव
सरकारी ऑयल मार्केटिंग कंपनियों से मिली ताजा जानकारी के मुताबिक, राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आज पेट्रोल 102.12 रुपये और डीजल 95.20 रुपये प्रति लीटर की दर से बिक रहा है. वहीं, देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में ग्राहकों को पेट्रोल के लिए 111.21 रुपये और डीजल के लिए 97.83 रुपये प्रति लीटर चुकाने पड़ रहे हैं. इसके अलावा कोलकाता में पेट्रोल का भाव 113.51 रुपये और डीजल 99.02 रुपये प्रति लीटर पर स्थिर है. चेन्नई की बात करें तो यहाँ पेट्रोल 107.77 रुपये और डीजल 99.55 रुपये प्रति लीटर मिल रहा है.
मई महीने में 4 बार बढ़े थे दाम
भले ही पिछले कुछ समय से खुदरा कीमतें स्थिर हैं, लेकिन मई 2026 में पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव समाप्त होने के बाद ऑयल कंपनियों ने महज 11 दिनों के भीतर 4 बार दाम बढ़ाए थे. सबसे पहले 15 मई 2026 को पेट्रोल और डीजल में बड़ी बढ़ोतरी की गई थी. इसके बाद 19 मई, 23 मई और आखिरी बार 25 मई 2026 को ईंधन की कीमतों में इजाफा किया गया था, जिसके बाद से तेल के घरेलू दामों में कोई बदलाव नहीं हुआ है. First Updated : Tuesday, 30 June 2026