Petrol Diesel Price Today: तेल कंपनियों ने जारी किए पेट्रोल-डीजल के नए दाम, जानें आपके शहर का क्या है हाल
कच्चे तेल की कीमतों में लगातार आ रही भारी गिरावट के बीच भारतीय तेल कंपनियों ने आज पेट्रोल और डीजल के घरेलू दामों में कोई बदलाव नहीं किया है.

नई दिल्ली: वैश्विक बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में लगातार आ रही भारी गिरावट के बीच भारतीय तेल कंपनियों ने आज पेट्रोल और डीजल के घरेलू दामों में कोई बदलाव नहीं किया है. अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ईरान और अमेरिका के बीच हुए ऐतिहासिक समझौते के बाद रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण 'स्ट्रेट ऑफ होर्मुज' को व्यापारिक जहाजों के लिए दोबारा खोल दिया गया है. इस भू-राजनीतिक सुधार की वजह से वैश्विक बाजार में क्रूड ऑयल का रेट लगातार नीचे आ रहा है, जिससे भारत जैसे बड़े आयातक देश को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है. हालांकि, घरेलू मोर्चे पर उपभोक्ताओं को फिलहाल कीमतों में कटौती का इंतजार है, क्योंकि देश के प्रमुख शहरों में ईंधन के दाम पुराने स्तर पर ही स्थिर बने हुए हैं.
प्रमुख शहरों में पेट्रोल का भाव
आज देश के विभिन्न शहरों में पेट्रोल पुरानी कीमतों पर ही बिक रहा है. राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली में पेट्रोल का रेट 102.12 रुपये प्रति लीटर बना हुआ है. वहीं, आर्थिक राजधानी मुंबई में इसकी कीमत 111.18 रुपये, कोलकाता में 113.51 रुपये और चेन्नई में 107.77 रुपये प्रति लीटर है. उत्तर प्रदेश के नोएडा में पेट्रोल 102.12 रुपये, लखनऊ में 101.89 रुपये, जबकि बिहार की राजधानी पटना में यह 113.46 रुपये प्रति लीटर पर स्थिर है. अन्य शहरों की बात करें तो गुरुग्राम में पेट्रोल 103.17 रुपये, बेंगलुरू में 110.93 रुपये, भुवनेश्वर में 108.81 रुपये, चंडीगढ़ में 101.54 रुपये, हैदराबाद में 115.73 रुपये, जयपुर में 112.66 रुपये और तिरुअनंतपुरम् में 115.49 रुपये प्रति लीटर की दर से मिल रहा है.
देश के अलग-अलग हिस्सों में डीजल की दरें
डीजल की कीमतों पर नजर डालें तो नई दिल्ली में आज डीजल का भाव 95.20 रुपये प्रति लीटर पर टिका हुआ है. कोलकाता में डीजल की कीमत 99.82 रुपये, मुंबई में 97.83 रुपये और चेन्नई में 99.55 रुपये प्रति लीटर चल रही है. इसके अलावा गुरुग्राम में डीजल 95.83 रुपये, नोएडा में 95.56 रुपये, बेंगलुरू में 98.80 रुपये, भुवनेश्वर में 100.52 रुपये, चंडीगढ़ में 89.47 रुपये, हैदराबाद में 103.82 रुपये, जयपुर में 97.78 रुपये, लखनऊ में 95.36 रुपये, पटना में 99.47 रुपये और तिरुअनंतपुरम् में 104.40 रुपये प्रति लीटर के स्तर पर स्थिर है.
मई में लगा था महंगाई का झटका, 4 साल बाद बढ़े थे दाम
भले ही पिछले कुछ दिनों से तेल के दामों में स्थिरता देखी जा रही है, लेकिन मई के महीने में आम जनता को महंगाई का बड़ा झटका लगा था. मई के दौरान देश में कुल चार बार पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ाए गए थे. घरेलू स्तर पर कीमतों में पहली बढ़ोतरी 15 मई को की गई थी. जब सीधे 3 रुपये प्रति लीटर का इजाफा हुआ था. इसके बाद तीन और चरणों में दाम बढ़ाए गए, जिससे कुल मिलाकर ईंधन की कीमतों में 7.5 रुपये प्रति लीटर की भारी बढ़ोतरी दर्ज की गई थी. उल्लेखनीय है कि करीब 4 साल के लंबे अंतराल के बाद पहली बार घरेलू बाजार में पेट्रोल-डीजल के दाम में इस तरह की वृद्धि की गई थी, क्योंकि इससे पहले आखिरी बार साल 2022 में तेल की कीमतें बदली थीं.
भारत का घटेगा इम्पोर्ट बिल
रॉयटर्स की हाल ही के रिपोर्ट के अनुसार, वैश्विक स्तर पर ब्रेंट क्रूड फ्यूचर्स का रेट 30 सेंट्स यानी लगभग 0.38 प्रतिशत की गिरावट के साथ 79.85 डॉलर प्रति बैरल के स्तर पर आ गया है. शुक्रवार को कारोबार के दौरान एक समय ब्रेंट क्रूड का भाव गिरकर 76.54 डॉलर के निचले स्तर तक भी पहुंच गया था. अमेरिका-ईरान डील के बाद समुद्री मार्ग खुलने से कच्चे तेल की आपूर्ति सुचारू हो गई है.
तेल आयात बिल काफी कम हो जाएगा
यह भारत के लिए बेहद अच्छी खबर है क्योंकि भारत अपनी कुल पेट्रोलियम आवश्यकताओं का लगभग 90 प्रतिशत हिस्सा विदेशों से आयात (इम्पोर्ट) करता है. बाजार के जानकारों का मानना है कि यदि वैश्विक बाजार में कच्चे तेल की मंदी इसी तरह जारी रही, तो आने वाले दिनों में भारत का तेल आयात बिल काफी कम हो जाएगा, जिसका सीधा फायदा घरेलू उपभोक्ताओं को कीमतों में कटौती के रूप में मिल सकता है.


