नई दिल्ली: भारत और अमेरिका के बीच प्रस्तावित अंतरिम ट्रेड डील को लेकर एक अहम बदलाव सामने आया है. दोनों देशों के बीच व्यापार समझौते को अंतिम रूप देने के लिए वाशिंगटन में होने वाली चीफ वार्ताकारों की बैठक फिलहाल टाल दी गई है. भारतीय टीम 23 फरवरी से तीन दिवसीय वार्ता शुरू करने वाली थी, लेकिन अब इसे नई तारीख पर आयोजित किया जाएगा.
सूत्रों के अनुसार, यह फैसला आपसी सहमति से लिया गया है. दोनों पक्ष मौजूदा वैश्विक और कानूनी घटनाक्रमों के प्रभाव को बेहतर ढंग से समझने के बाद आगे बढ़ना चाहते हैं, ताकि समझौते को ठोस और संतुलित आधार पर अंतिम रूप दिया जा सके.
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, मामले से जुड़े एक सूत्र ने बताया कि भारतीय चीफ नेगोशिएटर और उनकी टीम का अमेरिकी दौरा फिलहाल स्थगित किया गया है. सूत्र के अनुसार, दोनों पक्षों का मानना है कि प्रस्तावित दौरा तब तय किया जाए, जब हालिया घटनाओं और उनके प्रभाव का समुचित आकलन कर लिया जाए.
ट्रेड डील पर प्रस्तावित यह बैठक अब आपसी सहमति से तय की जाने वाली नई तारीख पर आयोजित की जाएगी.
बैठक टलने की खबर ऐसे समय आई है, जब अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट ने टैरिफ मामले में डोनाल्ड ट्रंप को बड़ा झटका दिया है. अदालत ने रेसिप्रोकल टैरिफ को गैरकानूनी बताते हुए रद्द कर दिया.
इसके बाद घटनाक्रम तेजी से बदले. अदालत के फैसले के बाद बीते शुक्रवार को ही डोनाल्ड ट्रम्प ने धारा 122 का उपयोग करते हुए अगले 150 दिनों के लिए भारत समेत सभी देशों पर 10 प्रतिशत टैरिफ लगाने की घोषणा की. इसके 24 घंटे के भीतर इसे बढ़ाकर 15 प्रतिशत कर दिया गया.
इन बदलावों के बीच ट्रेड डील पर होने वाली वार्ता को लेकर सतर्कता बरती जा रही है.
भारत और अमेरिका के बीच अंतरिम व्यापार समझौते पर सहमति बन चुकी है और इससे संबंधित फ्रेमवर्क व फैक्टशीट भी जारी की जा चुकी है.
केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने हाल ही में जानकारी दी थी कि भारत-अमेरिका के बीच अंतरिम व्यापार समझौते पर मार्च में हस्ताक्षर हो सकते हैं और इसे अप्रैल से लागू किया जा सकता है.
उन्होंने यह भी बताया था कि समझौते के लीगल ड्राफ्ट को अंतिम रूप देने के लिए 23 फरवरी से अमेरिका में तीन दिवसीय बैठक प्रस्तावित थी. हालांकि, ताजा अपडेट के अनुसार इस बैठक को फिलहाल रीशेड्यूल कर दिया गया है. First Updated : Sunday, 22 February 2026