PAN आवेदन प्रक्रिया में बड़ा बदलाव, जानें क्या होगा नया नियम
1 अप्रैल 2026 से PAN कार्ड बनवाने के लिए केवल आधार ही जरूरी होगा, अन्य दस्तावेजों की जरूरत खत्म हो जाएगी. इससे प्रक्रिया तेज, आसान और सुरक्षित बनेगी, लेकिन बिना आधार वाले लोगों को पहले आधार बनवाना होगा.

अगर आप नया पैन कार्ड बनवाने की योजना बना रहे हैं तो आपके लिए एक महत्वपूर्ण अपडेट सामने आया है।. सरकार ने पैन कार्ड से जुड़े नियमों में बड़ा बदलाव करने का निर्णय लिया है, जो 1 अप्रैल 2026 से लागू होगा. इस नए नियम के तहत अब पैन कार्ड के लिए आवेदन करते समय केवल आधार कार्ड का उपयोग किया जाएगा. आने वाले समय में अलग-अलग पहचान पत्र, एड्रेस प्रूफ और अन्य दस्तावेज जमा करने की जरूरत खत्म हो जाएगी.
31 मार्च तक लागू रहेगी पुरानी प्रक्रिया
फिलहाल 31 मार्च 2026 तक पुरानी प्रक्रिया लागू रहेगी, जिसमें आवेदकों को विभिन्न दस्तावेज प्रस्तुत करने होते हैं. लेकिन इसके बाद पूरी प्रक्रिया आधार आधारित हो जाएगी, जिससे पैन कार्ड बनवाना पहले के मुकाबले कहीं ज्यादा आसान और तेज हो जाएगा.
सरकार का यह कदम पैन प्रणाली को अधिक पारदर्शी और सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से उठाया गया है. आधार के जरिए पहचान सत्यापन होने से फर्जी पैन कार्ड बनने की संभावना काफी हद तक कम हो जाएगी. साथ ही, एक ही व्यक्ति के नाम पर कई पैन कार्ड जारी होने की समस्या पर भी रोक लग सकेगी. यह बदलाव सिस्टम को मजबूत बनाने के साथ-साथ धोखाधड़ी पर लगाम लगाने में भी मदद करेगा.
आधार आधारित प्रक्रिया अपनाने से आवेदन की गति तेज
इसके अलावा, आधार आधारित प्रक्रिया अपनाने से आवेदन की गति भी तेज होगी. पहले जहां दस्तावेजों की जांच में समय लगता था, वहीं अब डिजिटल वेरिफिकेशन के जरिए कम समय में पैन जारी किया जा सकेगा. इससे न केवल आम लोगों को सुविधा मिलेगी, बल्कि सरकारी सिस्टम पर भी दबाव कम होगा.
इस बदलाव का सबसे अधिक असर नए आवेदकों पर पड़ेगा. अब उन्हें अलग-अलग कागजात इकट्ठा करने की झंझट से छुटकारा मिलेगा और पूरी प्रक्रिया सरल हो जाएगी. समय और मेहनत दोनों की बचत होगी, जिससे पैन कार्ड बनवाना ज्यादा सहज अनुभव बनेगा.
हालांकि, जिन लोगों के पास आधार कार्ड नहीं है, उनके लिए यह नियम थोड़ी परेशानी पैदा कर सकता है. ऐसे व्यक्तियों को पहले आधार बनवाना अनिवार्य होगा, तभी वे पैन कार्ड के लिए आवेदन कर सकेंगे. कुल मिलाकर, यह बदलाव डिजिटल इंडिया की दिशा में एक और बड़ा कदम माना जा रहा है, जो आने वाले समय में नागरिकों को अधिक सुविधाजनक और सुरक्षित सेवाएं प्रदान करेगा.


