नई दिल्ली: देशभर में 5 जुलाई 2026 को पेट्रोल और डीजल की कीमतों में सरकारी तेल कंपनियों ने कोई बदलाव नहीं किया है. इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम जैसी ऑयल मार्केटिंग कंपनियां हर दिन सुबह 6 बजे नए रेट जारी करती हैं. आज भी देशभर में ईंधन की कीमतें पहले की तरह स्थिर बनी हुई हैं.
इस महीने की शुरुआत में निजी कंपनी नायरा एनर्जी ने ग्राहकों को राहत देते हुए पेट्रोल की कीमत में 5 रुपये प्रति लीटर और डीजल में 3 रुपये प्रति लीटर की कटौती की थी. इसके बाद उम्मीद की जा रही थी कि सरकारी कंपनियां भी दाम कम करेंगी, लेकिन फिलहाल ऐसा नहीं हुआ है.
देश में सबसे सस्ता पेट्रोल और डीजल फिलहाल पोर्ट ब्लेयर में मिल रहा है. यहां पेट्रोल की कीमत 88.66 रुपये प्रति लीटर और डीजल 84.56 रुपये प्रति लीटर है. वहीं, दिल्ली में पेट्रोल 102.12 रुपये और डीजल 95.20 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है.
देश के अन्य बड़े शहरों की बात करें तो मुंबई में पेट्रोल 111.21 रुपये और डीजल 97.83 रुपये प्रति लीटर है. चेन्नई में पेट्रोल 107.77 रुपये और डीजल 99.55 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है. वहीं कोलकाता में पेट्रोल 113.51 रुपये और डीजल 99.82 रुपये प्रति लीटर है.
पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने हाल ही में कहा था कि तेल कंपनियां अभी पुराने स्टॉक के कच्चे तेल को रिफाइन कर रही हैं. उनका कहना है कि जब तक अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें स्थिर नहीं होती, तब तक पेट्रोल और डीजल के दाम घटने की संभावना कम है.
कुछ समय पहले ईरान, अमेरिका और इजरायल के बीच बढ़े तनाव के कारण कच्चे तेल की कीमत 110 डॉलर प्रति बैरल से ऊपर पहुंच गई थी. हालांकि अब इसकी कीमत घटकर करीब 72 से 73 डॉलर प्रति बैरल के बीच आ गई है. इसके बावजूद घरेलू बाजार में अभी तक कीमतों में राहत नहीं मिली है.
गुरुग्राम में पेट्रोल 102.97 रुपये और डीजल 95.64 रुपये प्रति लीटर है. नोएडा में पेट्रोल 101.96 रुपये और डीजल 95.44 रुपये मिल रहा है. जयपुर में पेट्रोल 113.19 रुपये, हैदराबाद में 115.69 रुपये और पटना में 113.69 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है.
वहीं चंडीगढ़ में डीजल 89.47 रुपये प्रति लीटर के साथ प्रमुख शहरों में सबसे सस्ता है. फिलहाल सरकारी तेल कंपनियों की ओर से कीमतों में किसी नई कटौती का ऐलान नहीं किया गया है. ऐसे में वाहन चालकों को राहत के लिए अभी कुछ और इंतजार करना पड़ सकता है. First Updated : Sunday, 05 July 2026