Satya Nadella: माइक्रोसॉफ्ट के CEO सत्य नडेला को वित्त वर्ष 2025 में कंपनी की शानदार उपलब्धियों के बदले भारी इनाम मिला है. रिपोर्ट के मुताबिक, नडेला को इस वर्ष कुल 96.5 मिलियन डॉलर यानी करीब 846 करोड़ रुपये का वेतन पैकेज मिला है. यह वेतन मुख्य रूप से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के क्षेत्र में माइक्रोसॉफ्ट की उल्लेखनीय प्रगति के लिए दिया गया है.
इस पैकेज में नडेला का मूल वेतन 2.5 मिलियन डॉलर है, जबकि बाकी 90% हिस्सा स्टॉक अवॉर्ड्स और परफॉर्मेंस इंसेंटिव के रूप में दिया गया है. माइक्रोसॉफ्ट की वार्षिक रिपोर्ट के अनुसार, पिछले वर्ष नडेला की कमाई लगभग 79.1 मिलियन डॉलर थी, जिसके मुकाबले इस बार उनके वेतन में करीब 22% की बढ़ोतरी दर्ज की गई है.
नडेला के नेतृत्व में माइक्रोसॉफ्ट ने AI टेक्नोलॉजी में नई ऊंचाइयों को छुआ है. कंपनी ने OpenAI के साथ भागीदारी की और Copilot जैसे AI टूल्स को विकसित कर मार्केट में अपनी स्थिति और मज़बूत की है. माइक्रोसॉफ्ट ने इस जनरेशनल टेक्नोलॉजी शिफ्ट में अग्रणी भूमिका निभाई है, जिससे कंपनी के निवेशकों को भी जबरदस्त लाभ हुआ है.
2014 में जब सत्य नडेला ने माइक्रोसॉफ्ट की बागडोर संभाली थी, तब कंपनी का मार्केट कैप लगभग 300 अरब डॉलर था. आज यह बढ़कर 3.4 ट्रिलियन डॉलर के करीब पहुंच चुका है. यानी नडेला के कार्यकाल में निवेशकों को लगभग 1500% का रिटर्न मिला है, जो किसी भी सीईओ के लिए एक असाधारण उपलब्धि मानी जाती है.
हालांकि, इतनी ऊंची सैलरी ने एक बार फिर अमेरिका में CEO और आम कर्मचारी के वेतन में भारी अंतर को लेकर बहस को जन्म दिया है. एक रिपोर्ट के मुताबिक, माइक्रोसॉफ्ट में सीईओ और औसत कर्मचारी की सैलरी का अंतर लगभग 480 गुना है.
फिर भी, कंपनी का कहना है कि नडेला को दिया गया यह पैकेज उनकी दूरदर्शी नेतृत्व क्षमता और AI में कंपनी की ऐतिहासिक सफलता का सम्मान है, जिससे माइक्रोसॉफ्ट को वैश्विक तकनीकी दौड़ में सबसे आगे लाया गया है. First Updated : Wednesday, 22 October 2025