2026 में सोना तोड़ेगा रिकॉर्ड लेकिन फिर आएगी भारी गिरावट, वर्ल्ड बैंक ने की बड़ी भविष्यवाणी

वर्ल्ड बैंक के मुताबिक 2026 में सोने की कीमतों में 37% तक तेजी आ सकती है, लेकिन 2027 में गिरावट के संकेत हैं. वैश्विक तनाव और सुरक्षित निवेश की बढ़ती मांग से फिलहाल सोने के दामों में उतार-चढ़ाव बना रहेगा.

Suraj Mishra
Edited By: Suraj Mishra

अगर आप सोने में निवेश करने या आभूषण खरीदने की योजना बना रहे हैं तो यह जानकारी आपके लिए बेहद जरूरी है. वर्ल्ड बैंक की हालिया कमोडिटी मार्केट आउटलुक रिपोर्ट में सोने की कीमतों को लेकर बड़ा अनुमान जताया गया है. रिपोर्ट के मुताबिक, साल 2026 में सोने के दाम पिछले वर्ष की तुलना में करीब 37 प्रतिशत तक बढ़ सकते हैं. हालांकि, इसके बाद 2027 में कीमतों में लगभग 8.5 प्रतिशत की गिरावट आने की संभावना भी जताई गई है.

संभावित उछाल के पीछे कौन सा कारण? 

सोने की कीमतों में इस संभावित उछाल के पीछे वैश्विक स्तर पर बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव को मुख्य कारण माना गया है. खासतौर पर अमेरिका और ईरान के बीच जारी टकराव ने अंतरराष्ट्रीय बाजारों में अस्थिरता बढ़ा दी है. ऐसे माहौल में निवेशक जोखिम से बचने के लिए सोने जैसे सुरक्षित विकल्पों की ओर रुख करते हैं, जिससे इसकी मांग और कीमत दोनों बढ़ती हैं. अनुमान है कि 2026 में सोना औसतन 4,700 डॉलर प्रति औंस तक पहुंच सकता है, जो भारतीय मुद्रा में करीब 1.44 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के आसपास बैठता है.

रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि मौजूदा तेजी अस्थायी हो सकती है. मिडिल ईस्ट में जारी तनाव और सप्लाई चेन में आई बाधाओं का असर बाजार पर साफ दिख रहा है. हालांकि, यह माना जा रहा है कि मई तक हालात में सुधार आ सकता है. यदि होर्मुज जलडमरूमध्य के जरिए शिपिंग सामान्य हो जाती है, तो साल के अंत तक स्थिति स्थिर होने की उम्मीद है.

आने वाले समय में सोने की कीमतों पर कई कारक असर डाल सकते हैं. यदि वैश्विक स्तर पर तनाव और बढ़ता है तो सुरक्षित निवेश की मांग में तेजी आएगी और कीमतें अनुमान से भी ऊपर जा सकती हैं. वहीं, सट्टा बाजार की गतिविधियां भी दामों में उतार-चढ़ाव ला सकती हैं.

दूसरी ओर, अगर दुनिया की बड़ी अर्थव्यवस्थाएं महंगाई पर काबू पाने के लिए ब्याज दरें बढ़ाती हैं तो सोने में निवेश महंगा हो जाएगा. इससे निवेशकों का रुझान कम हो सकता है और कीमतों में गिरावट आ सकती है. साथ ही, अगर अंतरराष्ट्रीय तनाव कम होता है, तो सोने की मांग भी घट सकती है.

दामों में उतार-चढ़ाव जारी रहने की संभावना

फिलहाल, बाजार में हलचल तेज है. अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना 4,631 डॉलर प्रति औंस के आसपास ट्रेड कर रहा है, जबकि घरेलू बाजार में इसकी कीमत 1.51 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के करीब पहुंच गई है. कुल मिलाकर, आने वाले समय में सोने के दामों में उतार-चढ़ाव जारी रहने की संभावना है, जिससे निवेशकों को सतर्क रहने की जरूरत है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो