बिहार के बक्सर जिले में एक क्रूर हत्याकांड ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है. बेटी के साथ कथित छेड़खानी का विरोध करने पर पिता संतोष वर्मा को सड़क पर बाट से मारकर मौत के घाट उतार दिया गया. यह वारदात मंगलवार रात मेन रोड पर हुई, जहां आरोपी ने पूर्व से चल रहे विवाद को लेकर पिता पर हमला बोल दिया. मृतक के पुत्र दिलीप वर्मा ने मुख्य आरोपी मंटू तुरहा और उसके भाइयों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज कराई है.
घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है. पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि बाकी की तलाश जारी है. परिवार में कोहराम मचा हुआ है और लोग इस घटना को लेकर सदमे में हैं.
बक्सर जिले के तुरहा टोली निवासी संतोष वर्मा मंगलवार रात सब्जी खरीदने आर्य समाज मंदिर के पास लगने वाली मंडी गए थे. वहीं तुरहा टोली का ही रहने वाला मंटू तुरहा अपने तीन भाइयों के साथ उन्हें पकड़ लिया और बाट से सिर पर मारकर उनकी हत्या कर दी. खून से लथपथ संतोष को सदर अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
मृतक संतोष वर्मा के पुत्र दिलीप वर्मा ने पुलिस को बताया कि मंटू उसकी बहन के साथ अक्सर छेड़खानी करता था. बहन की शादी हो जाने के बाद भी वह लगातार परेशान करता रहा. संतोष वर्मा इसका विरोध करते थे. करीब सात साल पहले मामला थाने तक पहुंचा था, लेकिन बाद में समझौता हो गया. बावजूद इसके मंटू के रवैये में कोई सुधार नहीं आया. पिछले दिनों संतोष वर्मा ने मंटू को कड़ा ऐतराज जताया था, जिससे चलते मंटू ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी. मंगलवार रात करीब सात बजे मंटू अपने भाइयों और कुछ अज्ञात लोगों के साथ उनके घर पहुंचा था. डर के मारे परिवार ने गेट नहीं खोला. इस पर उसने संतोष वर्मा को धमकाते हुए कहा कि आज तुम्हें मार डालेंगे. अंततः रात में जब वे सब्जी लेने मंडी गए तो सबों ने मिलकर उनकी हत्या कर दी.
इस मामले में मंटू तुरहा और उसके तीनों भाइयों सहित अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मंटू और उसके एक भाई सुरेंद्र तुरहा को गिरफ्तार कर लिया. बक्सर के एसपी शुभम आर्य ने कहा कि दो नामजद आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं. मामले की जांच की जा रही है. First Updated : Thursday, 19 February 2026