'पहले तुम्हें मारूंगा, फिर खुद मर जाऊंगा' ब्रेकअप के बाद प्रेमी ने उठाया ऐसा कदम, फिर हुआ धमाका
कर्नाटक से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां ब्रेकअप के बाद नंबर ब्लॉक करने से नाराज युवक ने कथित तौर पर अपनी पूर्व प्रेमिका का अपहरण कर लिया. हालांकि इसके बाद जो हुआ, उसे देख हर कोई हैरान रह गया.

तुमकुरु: कर्नाटक के तुमकुरु जिले से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है. एक युवक ने कथित तौर पर अपनी पूर्व प्रेमिका द्वारा फोन नंबर ब्लॉक किए जाने के बाद उसे जबरन अगवा कर लिया. रास्ते में उसने महिला को जान से मारने की धमकी दी और फिर खुद भी जान देने की बात कही. कुछ देर बाद कार में जोरदार धमाका हुआ, जिसमें युवक की जलकर मौत हो गई, जबकि महिला और कैब चालक घायल हो गए.
जबरन कैब में बैठाकर ले गया आरोपी
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान 30 वर्षीय नागेंद्र के रूप में हुई है, जो मूल रूप से अंकोला का रहने वाला था और बेंगलुरु में रहता था. उसकी पूर्व प्रेमिका बेंगलुरु के संजय गांधी अस्पताल में ओटी टेक्नीशियन है. दोनों पहले रिश्ते में थे, लेकिन हाल के दिनों में उनका ब्रेकअप हो गया था. महिला ने नागेंद्र का नंबर भी ब्लॉक कर दिया था.
शनिवार सुबह नागेंद्र महिला के किराए के घर पहुंचा. दोनों के बीच कहासुनी हुई, जिसके बाद उसने कथित तौर पर महिला को जबरन कैब में बैठाया और वहां से निकल गया. महिला के परिजनों ने तुरंत पुलिस में अपहरण की शिकायत दर्ज कराई.
रास्ते में चाकू से हमला, फिर हुआ धमाका
पुलिस का कहना है कि सफर के दौरान नागेंद्र ने महिला को धमकाया कि पहले उसकी हत्या करेगा और फिर खुद भी जान दे देगा. जांच में यह भी सामने आया है कि उसने महिला को पेट्रोल बम जैसी कोई वस्तु भी दिखाई थी.
जब कैब तुमकुरु जिले के जोगिहल्ली के पास पहुंची तो आरोपी ने महिला पर चाकू से हमला कर दिया. कैब चालक ने तुरंत गाड़ी रोक दी. मौका मिलते ही महिला कार से बाहर निकल गई. कुछ ही क्षण बाद कार में जोरदार विस्फोट हुआ और उसमें आग लग गई. नागेंद्र कार से बाहर नहीं निकल सका और उसकी मौके पर ही मौत हो गई.
विस्फोटक मिलने से जांच तेज
घटना के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया. पुलिस ने कार से विस्फोटक जैसी सामग्री बरामद होने की बात कही है. शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि धमाका जानबूझकर किया गया था.
तुमकुरु के पुलिस अधीक्षक अशोक के.वी. ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि विस्फोट कैसे हुआ, किस तरह का विस्फोटक इस्तेमाल किया गया और उसे कहां से लाया गया.


