'मन की बात' में पीएम मोदी ने देशवासियों को दिया धन्यवाद, गिनाईं बड़ी उपलब्धियां

'मन की बात' के नए एपिसोड में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2026 के पहले छह महीनों की प्रमुख उपलब्धियों का जिक्र किया. उन्होंने आत्मनिर्भर भारत, रक्षा क्षेत्र की प्रगति और नागरिकों के सहयोग को देश की बड़ी ताकत बताया.

Shraddha Mishra

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' के 135वें एपिसोड के जरिए देशवासियों को संबोधित किया. इस दौरान उन्होंने वर्ष 2026 के पहले छह महीनों का उल्लेख करते हुए कहा कि यह समय भारत के लिए कई महत्वपूर्ण उपलब्धियों से भरा रहा है. उन्होंने खास तौर पर रक्षा क्षेत्र, आत्मनिर्भरता, स्वदेशी तकनीक और नागरिकों की भागीदारी को देश की बड़ी ताकत बताया. प्रधानमंत्री ने कहा कि इन उपलब्धियों ने हर भारतीय का सिर गर्व से ऊंचा किया है और देश लगातार नए आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रहा है.

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि वर्ष '2026 का आधा हिस्सा समाप्त होने वाला है. इन छह महीनों में हमने 'मन की बात' में अपने देशवासियों की अनेक उपलब्धियों पर चर्चा की है. जून में भी देश ने कुछ ऐसी उपलब्धियां हासिल की हैं जिनसे हर नागरिक को गर्व होता है. ये सफलताएं देश की सुरक्षा और आत्मनिर्भरता से जुड़ी हैं.'

नौसेना में शामिल हुए स्वदेशी युद्धपोत

प्रधानमंत्री ने हाल ही में कोलकाता दौरे का जिक्र करते हुए कहा कि उन्हें भारतीय नौसेना के एक विशेष समारोह में शामिल होने का अवसर मिला. इस दौरान आईएनएस दुनागिरी, आईएनएस संशोधक और आईएनएस अग्रे को नौसेना के बेड़े में शामिल किया गया. उन्होंने बताया कि इन युद्धपोतों का डिजाइन, निर्माण और तकनीक पूरी तरह स्वदेशी है. यह भारत की रक्षा उत्पादन क्षमता और आत्मनिर्भर भारत अभियान की सफलता का मजबूत उदाहरण है.

प्रधानमंत्री मोदी ने रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (DRDO) द्वारा विकसित स्वदेशी लंबी दूरी की लैंड अटैक क्रूज मिसाइल के सफल परीक्षण को भी बड़ी उपलब्धि बताया. उन्होंने कहा कि इस सफलता से भारत की रक्षा क्षमता और अधिक मजबूत हुई है. इसके अलावा उन्होंने भारत में निर्मित C-295 परिवहन विमान की पहली सफल उड़ान का भी उल्लेख किया. प्रधानमंत्री ने कहा कि यह विमान देश में ही तैयार किया जा रहा है और ऐसे 40 विमानों का निर्माण भारत में किया जाएगा. इससे रक्षा क्षेत्र के साथ-साथ घरेलू विमान निर्माण उद्योग को भी नई गति मिलेगी.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो