नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में एक बार फिर हिंसा की खबरें सामने आई हैं. मात्र 24 घंटे के अंदर पांच हत्याओं की घटनाएं हुई हैं, जिनमें दो नाबालिग भी शामिल है. इन घटनाओं ने पूरे शहर में दहशत का माहौल बना दिया है. दिल्ली पुलिस ने सभी मामलों में जांच शुरू कर दी है.
रोहिणी के अमन विहार इलाके में एक नशामुक्ति केंद्र में 22 वर्षीय युवक की लाश मिली. वह सुल्तानपुरी का रहने वाला था. सुबह करीब 6 बजे केंद्र के लोगों ने परिवार को सूचना दी. पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई. शव का पोस्टमॉर्टम किया जा रहा है. सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है, लेकिन अभी तक कोई ठोस सुराग नहीं मिला है.
उत्तर-पूर्वी दिल्ली में श्याम लाल कॉलेज के पास 22 वर्षीय अमानुल्लाह कुरैशी की गोली मारकर हत्या कर दी गई. वह पेट्रोल लेने निकले थे, तभी अज्ञात हमलावरों ने उन पर फायरिंग कर दी. सिर और पेट में गोली लगने से उनकी मौत हो गई.
परिवार को शुरू में लगा कि एक्सीडेंट हुआ है, लेकिन बाद में गोली लगने का पता चला. पुलिस को शक है कि यह पुरानी दुश्मनी का नतीजा है. मृतक के भाई मोहम्मद मोइन कुरैशी कुछ महीने पहले दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल द्वारा गिरफ्तार किया गया था.
सुभाष प्लेस इलाके में चाचा और भतीजे के बीच विवाद बढ़ गया. झड़प के दौरान चाचा की मौत हो गई, जबकि भतीजे को चाकू के कई वार लगे हैं. वह गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती है. पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
दिल्ली को अपराध की राजधानी कहे जाने वाले शहरों में शुमार किया जाता है. NCRB के आंकड़ों के अनुसार, 2024 में दिल्ली में 2.75 लाख से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज किए गए, जो देश के बड़े शहरों में सबसे अधिक हैं.
पुलिस इन सभी हत्याओं के पीछे के कारणों का पता लगाने की कोशिश कर रही है. आम लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है. पुलिस ने इलाकों में नाकेबंदी बढ़ा दी है और संदिग्धों की तलाश जारी है. First Updated : Thursday, 21 May 2026