होलिका दहन की रात खून से लाल हुई होली, बेटे ने कुल्हाड़ी से पिता को उतारा मौत के घाट

छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर शहर में बेटे ने कुल्हाड़ी से पिता की हत्या कर दी. इसके बाद आरोपी बिरयानी खाकर सो गया. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया.

Suraj Mishra
Edited By: Suraj Mishra

छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर शहर में होलिका दहन की रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया. नगर निगम क्षेत्र के बहेरापारा मोहल्ले में एक युवक ने कथित रूप से अपने ही पिता की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी बेटे को उसी रात गिरफ्तार कर लिया.

पिता ने बेटे को लगाई फटकार 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बहेरापारा निवासी करीब 50 वर्षीय पारस केरकेट्टा अलग मकान में रहते थे. उनके घर से दो किराए के मकान छोड़कर उनका पुत्र प्रभात केरकेट्टा उर्फ लेदा निवास करता था. बताया जा रहा है कि मंगलवार देर रात लगभग 11 बजे प्रभात शराब के नशे में अपने पिता के घर पहुंचा. पिता ने उसकी हालत देखकर नाराजगी जताई और उसे फटकार लगाई. इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई.

देखते ही देखते विवाद ने उग्र रूप ले लिया. प्रारंभिक जांच और आसपास के लोगों से मिली जानकारी के मुताबिक, गुस्से में आकर प्रभात ने घर में रखी टांगी (कुल्हाड़ी) उठा ली और पिता के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए. गंभीर चोट लगने से पारस केरकेट्टा ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. वारदात के बाद आरोपी ने शव को घर के समीप बनी एक छोटी पानी की टंकी में छिपाने की कोशिश की.

बिरयानी खाकर सो गया आरोपी 

हैरानी की बात यह है कि घटना को अंजाम देने के बाद प्रभात पास की एक दुकान पर गया, जहां उसने बिरयानी खाई और फिर अपने घर लौटकर कंबल ओढ़कर सो गया. इस बीच आसपास के लोगों को जब घटना की जानकारी हुई तो उन्होंने पुलिस को सूचित किया. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया.

पूछताछ के दौरान प्रभात ने स्वीकार किया कि उसने गुस्से में आकर यह कदम उठाया. यह घटना ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र में स्थित मणिपुर थाना के अंतर्गत हुई है. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की विस्तृत जांच जारी है. अधिकारियों का कहना है कि पारिवारिक विवाद और नशे की हालत इस जघन्य अपराध की प्रमुख वजह प्रतीत हो रही है. पूरे इलाके में इस घटना को लेकर शोक और आक्रोश का माहौल है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag