Venezuela Earthquake: वेनेजुएला के काराकास में भूंकप से अब तक 164 लोगों की मौत, 971 घायल
दक्षिण अमेरिकी देश वेनेजुएला में आए शक्तिशाली भूकंपों ने व्यापक तबाही मचा दी है. हादसे में अब तक 164 लोगों की मौत हो चुकी हैं, जबकि 971 लोग घायल बताए जा रहे हैं.

नई दिल्ली: दक्षिण अमेरिकी देश वेनेजुएला में आए शक्तिशाली भूकंपों ने व्यापक तबाही मचा दी है. बता दें, वेनेजुएला की राजधानी कराकास और आसपास के इलाकों में एक मिनट से भी कम समय के अंतराल पर आए दो तेज झटकों ने कई इमारतों और मकानों को नुकसान पहुंचाया है. वहीं इस हादसे में अब तक 164 लोगों की मौत हो चुकी हैं, जबकि 971 लोग घायल बताए जा रहे हैं. वहीं घटना के काफी समय बाद भी लगातार राहत और बचाव अभियान चलाया जा रहा है.
कितनी तीव्रता से आया भूंकप
जानकारी के अनुसार, बुधवार को कराकास के पश्चिमी क्षेत्र में पहले 7.2 तीव्रता का भूकंप महसूस किया गया. इसके कुछ ही क्षण बाद 7.5 की तीव्रता के साथ दूसरा झटका आया, जिससे लोगों में दहशत फैल गई. इतना ही नहीं इस दौरान कई इमारतें क्षतिग्रस्त हो गईं और कुछ भवन पूरी तरह ढह गए. वहीं मलबे में लोगों के फंसे होने की आशंका के चलते बचाव दल लगातार अभियान चला रहे हैं.
आपातकाल की घोषणा
आपदा के बाद देश की कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज ने राष्ट्रीय आपातकाल की घोषणा कर दी. इसके साथ ही राष्ट्र के नाम संबोधन में उन्होंने प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है और कहा कि सरकार हर संभव सहायता उपलब्ध कराने में जुटी हुई है. हालांकि, उन्होंने आधिकारिक तौर पर मृतकों और घायलों की संख्या की पुष्टि नहीं की है.
स्थानीय प्रशासन और आपदा प्रबंधन एजेंसियों के मुताबिक, कई इलाकों में इमारतों को गंभीर नुकसान पहुंचा है. जिसके चलते सुरक्षा बल, स्वास्थ्यकर्मी और आपातकालीन सेवाएं प्रभावित क्षेत्रों में तैनात हैं और मलबे में फंसे लोगों को निकालने के लिए विशेष रेस्क्यू टीमें लगातार काम कर रही हैं.
भारत ने सहायता के लिए आगे बढ़ाया हाथ
भूकंप के बाद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी सहायता देने का बात कही गई है. बता दें, अमेरिका ने वेनेजुएला को हरसंभव मदद का आश्वासन दिया है. वहीं भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस प्राकृतिक आपदा पर दुख व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना जताई है. उन्होंने कहा कि भारत इस कठिन समय में वेनेजुएला के साथ खड़ा है और आवश्यक सहायता देने के लिए तैयार है.
अपने घरों से बाहर निकले लोग
जानकारी के अनुसार, जिस दिन वेनेजुएला में भूकंप आया, उस दिन देश सार्वजनकि छुट्टी थी, जिसके चलते सभी लोग अपने घर पर थे. वहीं जब भूकंप आया तो सभी लोग अपने घरों और इमारतों से निकलकर सड़कों पर आ गए. कई घरों में सामान गिर गया और अफरा-तफरी का माहौल बन गया. अस्पतालों में घायलों की संख्या बढ़ने के कारण अतिरिक्त चिकित्सा व्यवस्था की गई है. हालांकि शुरुआती रिपोर्टों में बड़े पैमाने पर नुकसान की आशंका जताई जा रही है. फिलहाल प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्य जारी है.


