बेंगलुरु: कर्नाटक के कोप्पल जिले से एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है. यहां मोबाइल गेमिंग की लत ने एक पूरे परिवार को तबाह कर दिया. 17 साल के एक नाबालिग लड़के ने कथित तौर पर अपने पिता और बहन की हत्या कर दी, जबकि मां पर भी चाकू से हमला कर दिया. इसके बाद उसने खुदकुशी की कोशिश भी की. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है.
पुलिस के मुताबिक, यह वारदात गंगावती तालुक के अयोध्या गांव में शनिवार रात करीब 10:30 बजे हुई. परिवार के सभी सदस्य रात करीब 9 बजे खाना खाकर अपने-अपने कमरों में चले गए थे. कुछ देर बाद घर के एक कमरे से तेज आवाजें आने लगी.
आवाज सुनकर दादा थाटा राव ने कमरे का दरवाजा खोलने की कोशिश की, लेकिन वह अंदर से बंद था. बाद में जब दरवाजा खोला गया तो घर के अंदर का मंजर देखकर सभी के होश उड़ गए.
हमले में 45 वर्षीय वेंकट नायडू और उनकी 19 वर्षीय बेटी प्रगति की मौत हो गई. वेंकट नायडू एक निजी स्कूल में सुपरवाइजर के पद पर काम करते थे. वहीं, उनकी पत्नी सौजन्या गंभीर रूप से घायल हैं और अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है.
पुलिस के अनुसार, वारदात को अंजाम देने वाला नाबालिग भी घायल हालत में मिला. उसने खुद को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की थी. फिलहाल उसका भी अस्पताल में इलाज चल रहा है.
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी लड़का लंबे समय से मोबाइल गेमिंग का आदी था. परिवार के लोग उसकी इस आदत से परेशान थे. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि घटना के पीछे कोई और कारण था या नहीं.
मृतक के पिता थाटा राव की शिकायत पर गंगावती ग्रामीण पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया है. पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103 और 109 के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर बच्चों और किशोरों में बढ़ती मोबाइल गेमिंग की लत को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. First Updated : Monday, 08 June 2026