BSEB Recruitment 2026: JEE-NEET शिक्षकों की भर्ती शुरू, इंटरव्यू से होगा चयन, जानें कौन कर सकता है आवेदन
बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने भर्ती निकाला है, जिसमें जेईई और नीट की तैयारी कराने के लिए योग्य शिक्षकों से आवेदन आमंत्रित किया गया है.

पटना: बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (BSEB) ने जेईई (JEE) और नीट (NEET) की तैयारी कराने के लिए योग्य शिक्षकों से आवेदन आमंत्रित किए हैं. यह भर्ती बोर्ड की निशुल्क कोचिंग योजना के तहत की जा रही है. इच्छुक उम्मीदवार 10 जुलाई शाम 5 बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. आवेदन बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट या ईमेल के माध्यम से स्वीकार किए जाएंगे.
क्या है BSEB की फ्री कोचिंग योजना?
बिहार बोर्ड की यह योजना आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन मेधावी छात्रों को मुफ्त कोचिंग उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुरू की गई है. इस योजना का लाभ उन छात्रों को मिलेगा जिन्होंने 10वीं कक्षा पास कर ली है और महंगी कोचिंग का खर्च नहीं उठा सकते. राज्य के 10 अलग-अलग स्कूलों में यह गैर-आवासीय (Non-Residential) कोचिंग संचालित की जाएगी.
किन विषयों के शिक्षकों की होगी भर्ती?
इस भर्ती के तहत भौतिकी (Physics), रसायन विज्ञान (Chemistry), गणित (Mathematics) और जीवविज्ञान (Biology) विषयों के शिक्षकों का चयन किया जाएगा. बोर्ड ऐसे उम्मीदवारों की तलाश कर रहा है जिन्हें प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराने का अच्छा अनुभव हो.
योग्यता और चयन प्रक्रिया
आवेदन करने वाले उम्मीदवारों के पास संबंधित विषय में बीएससी (BSc), एमएससी (MSc) या एमटेक (MTech) की डिग्री होनी चाहिए. जिन अभ्यर्थियों को JEE और NEET स्तर की पढ़ाई कराने का अनुभव है, उन्हें प्राथमिकता दी जाएगी. शॉर्टलिस्ट किए गए उम्मीदवारों को साक्षात्कार के लिए बुलाया जाएगा. इंटरव्यू 12 जुलाई को सुबह 10 बजे से पटना में आयोजित होगा.
कैसे करें आवेदन?
इच्छुक उम्मीदवार निर्धारित प्रारूप में आवेदन पत्र और जरूरी दस्तावेजों के साथ ऑनलाइन पोर्टल या बोर्ड द्वारा जारी ईमेल आईडी के माध्यम से आवेदन भेज सकते हैं. अंतिम समय में तकनीकी दिक्कतों से बचने के लिए समय रहते आवेदन करना बेहतर रहेगा.
बिहार बोर्ड की यह पहल उन छात्रों के लिए बड़ी राहत साबित हो सकती है, जो आर्थिक कारणों से महंगी कोचिंग नहीं ले पाते. वहीं योग्य शिक्षकों के लिए भी यह प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराने का अच्छा अवसर है.


