NEET अभ्यर्थियों के लिए NTA का बड़ा कदम, जारी किया आधिकारिक WhatsApp नंबर
NEET-UG 2026 पुनर्परीक्षा से जुड़ी आधिकारिक और सही जानकारी छात्रों तक पहुंचाने के लिए NTA ने एक वेरिफाइड WhatsApp चैनल शुरू किया है. एजेंसी ने अभ्यर्थियों को फर्जी संदेशों से सावधान रहने और केवल आधिकारिक WhatsApp नंबर, ई-मेल और वेबसाइट पर भरोसा करने की सलाह दी है.

नई दिल्ली: राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET-UG) 2026 की पुनर्परीक्षा को लेकर फैली अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं पर रोक लगाने के लिए नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने छात्रों के लिए एक नया कदम उठाया है. परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों तक सही और आधिकारिक जानकारी पहुंचाने के उद्देश्य से एजेंसी ने अब एक आधिकारिक व्हाट्सएप चैनल शुरू किया है. इसके माध्यम से छात्रों को परीक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण सूचनाएं सीधे उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे फर्जी संदेशों और दुष्प्रचार से बचने में मदद मिलेगी.
छात्रों और अभिभावकों को सलाह
एनटीए ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा से संबंधित सभी आधिकारिक व्हाट्सएप संदेश केवल उसके सत्यापित नंबर +91-7827980287 से ही भेजे जाएंगे. एजेंसी ने छात्रों और अभिभावकों को सलाह दी है कि किसी भी सूचना पर भरोसा करने से पहले व्हाट्सएप अकाउंट पर मौजूद ब्लू टिक और एनटीए की आधिकारिक पहचान की जांच अवश्य करें. इससे फर्जी अकाउंट और धोखाधड़ी करने वालों की पहचान करना आसान होगा.
एजेंसी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के जरिए इस नई सुविधा की जानकारी साझा की. साथ ही बताया कि जिन छात्रों ने 21 जून को आयोजित होने वाली पुनर्परीक्षा के लिए अपना नया प्रवेश-पत्र पहले ही डाउनलोड कर लिया है, उन्हें दोबारा एडमिट कार्ड डाउनलोड करने की जरूरत नहीं है. वर्तमान में केवल उन उम्मीदवारों को एसएमएस, ई-मेल और व्हाट्सएप के माध्यम से सूचना भेजी जा रही है, जिन्होंने अभी तक अपने नए प्रवेश-पत्र डाउनलोड नहीं किए हैं.
एनटीए के अनुसार, अब तक करीब 20 लाख अभ्यर्थी पुनर्परीक्षा के लिए अपने एडमिट कार्ड डाउनलोड कर चुके हैं. इस वर्ष नीट-यूजी के लिए लगभग 22 लाख छात्रों ने पंजीकरण कराया था. एजेंसी ने यह भी स्पष्ट किया है कि 3 मई को आयोजित मूल परीक्षा के लिए जारी किए गए एडमिट कार्ड 21 जून की पुनर्परीक्षा में मान्य नहीं होंगे. इसका कारण यह है कि कई छात्रों को उनकी सुविधा और पसंद के अनुसार नए परीक्षा केंद्र आवंटित किए गए हैं.
गौरतलब है कि परीक्षा रद्द होने के बाद छात्रों को परीक्षा केंद्र बदलने का विकल्प दिया गया था, जिसका बड़ी संख्या में उम्मीदवारों ने लाभ उठाया. इसी वजह से नए एडमिट कार्ड जारी किए गए हैं.
एनटीए ने बताया कि असली एसएमएस आफिशियल सेंडर आइडी 'एनआइसीपीईपी' से भेजे जाएंगे और ईमेल 'no-reply.neet.nta@nic.in' से आएंगे. एनटीए ने दोहराया कि इस प्रक्रिया के लिए सिर्फ http://neet.nta.nic.in ही आधिकारिक वेबसाइट है.
छात्रों को चेतावनी
साथ ही छात्रों को चेतावनी दी गई है कि व्हाट्सएप चैनल केवल सूचना प्रसारित करने के लिए बनाया गया है. यह किसी भी अभ्यर्थी से ओटीपी, बैंक विवरण, व्यक्तिगत जानकारी या किसी प्रकार के भुगतान की मांग नहीं करेगा. यदि कोई व्यक्ति या अकाउंट एनटीए के नाम पर ऐसी जानकारी मांगता है, तो उसे फर्जी मानकर तुरंत सतर्क हो जाना चाहिए. एनटीए ने छात्रों से केवल आधिकारिक स्रोतों पर भरोसा करने और अफवाहों से दूर रहने की अपील की है.


