बिहार के दो क्रिकेट सितारों को बड़ा तोहफा, मुकेश कुमार और आकाश दीप बनेंगे DSP
बिहार सरकार ने भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज मुकेश यादव और आकाशदीप को उनकी खेल उपलब्धियों के सम्मान में बिहार पुलिस में सीधे डीएसपी पद पर नियुक्त करने का फैसला किया है.

पटना: बिहार सरकार ने राज्य के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को सम्मानित करने और खेलों को बढ़ावा देने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया है. राज्य मंत्रिमंडल ने हाल ही में एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाजों मुकेश कुमार और आकाश दीप को बिहार पुलिस में सीधे पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) पद पर नियुक्त करने की मंजूरी दे दी है. यह फैसला बिहार के उत्कृष्ट खिलाड़ियों की सीधी नियुक्ति नियमावली-2026 के तहत लिया गया है, जिसे हाल ही में कैबिनेट की बैठक में स्वीकृति प्रदान की गई.
दोनों खिलाड़ी भारतीय क्रिकेट टीम का हिस्सा
मुकेश कुमार और आकाश दीप दोनों ही मौजूदा समय में भारतीय क्रिकेट टीम का हिस्सा हैं और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपने प्रदर्शन से पहचान बना चुके हैं. इसके अलावा दोनों खिलाड़ियों ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में भी शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है. मुकेश कुमार बिहार के गोपालगंज जिले से आते हैं, जबकि आकाश दीप का संबंध रोहतास जिले से है. दोनों खिलाड़ियों की सफलता को बिहार के युवाओं के लिए प्रेरणा माना जा रहा है.
राज्य सरकार ने इन खिलाड़ियों को यह सम्मान उनके खेल उपलब्धियों और बिहार का नाम राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित करने के लिए दिया है. दोनों खिलाड़ी वर्ष 2023 में चीन के हांगझोऊ में आयोजित एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय क्रिकेट टीम का हिस्सा रहे थे. इसके साथ ही उन्होंने हाल के वर्षों में भारतीय टीम के लिए कई महत्वपूर्ण मुकाबलों में योगदान दिया है. उनके लगातार अच्छे प्रदर्शन और देश का प्रतिनिधित्व करने की उपलब्धियों को ध्यान में रखते हुए यह नियुक्ति दी जा रही है.
गृह विभाग को भेजा प्रस्ताव
कैबिनेट की मंजूरी मिलने के बाद इस प्रस्ताव को आगे की प्रक्रिया पूरी करने के लिए गृह विभाग को भेज दिया गया है. नियुक्ति पूरी होने के बाद दोनों खिलाड़ी बिहार पुलिस सेवा में डीएसपी के रूप में कार्यभार संभालेंगे. डीएसपी का पद राज्य सरकार के महत्वपूर्ण राजपत्रित पदों में शामिल है. सातवें वेतन आयोग के तहत इस पद पर नियुक्त अधिकारियों को पे-लेवल 9 के अनुसार वेतन और अन्य सुविधाएं मिलती हैं. इसके अलावा सरकारी आवास, वाहन, चिकित्सा सुविधाएं और अन्य प्रशासनिक लाभ भी प्रदान किए जाते हैं.
बिहार सरकार के इस फैसले को राज्य में खेल संस्कृति को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है. नई नियमावली के तहत अब राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सीधे सरकारी सेवाओं में अवसर मिल सकेगा. सरकार का मानना है कि इससे युवाओं में खेलों के प्रति रुचि बढ़ेगी और अधिक खिलाड़ी राज्य तथा देश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित होंगे. मुकेश कुमार और आकाश दीप की नियुक्ति इसी नीति का पहला बड़ा उदाहरण मानी जा रही है.


