Rain Alert: गर्मी से मिलेगी अब राहत, मॉनसून ने पकड़ी रफ्तार, इन राज्यों में होगी बारिश!
21 जून तक उप हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान है। पूर्वोत्तर भारत में भी इस हफ्ते कई जगहों पर मूसलाधार बारिश हो सकती है।

नई दिल्ली: उत्तर भारत में भीषण गर्मी के बीच मौसम विभाग ने लोगों को राहत की खबर दी है। मॉनसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है और तेजी से आगे बढ़ रहा है। IMD के मुताबिक 23 जून तक मॉनसून महाराष्ट्र, तेलंगाना, ओडिशा, झारखंड, बिहार और छत्तीसगढ़ के बाकी हिस्सों तक पहुंच जाएगा।
21 जून तक उप हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान है। पूर्वोत्तर भारत में भी इस हफ्ते कई जगहों पर मूसलाधार बारिश हो सकती है। वहीं पूर्वी यूपी में 24 जून तक, बिहार में 22 जून तक और महाराष्ट्र-तेलंगाना में 20 जून तक हीटवेव का असर रहेगा।
उत्तर और उत्तर पश्चिम भारत में बारिश का अलर्ट
जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में 19 से 22 जून के बीच अच्छी बारिश होने की संभावना है। हिमाचल प्रदेश में 20-21 जून को व्यापक बरसात होगी, जबकि पश्चिमी राजस्थान में 24-25 जून को बारिश का जोर रहेगा।
उत्तराखंड में 19 से 25 जून तक रुक-रुक कर बारिश होगी। हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पंजाब में 19 से 22 जून के बीच हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। पूर्वी राजस्थान में 19-20 और 25 जून को बरसात के आसार हैं।
इन इलाकों में 19 से 21 जून के बीच आंधी, तूफान और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया गया है। हवाओं की रफ्तार 60 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। हिमाचल और उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में ओलावृष्टि की भी चेतावनी है। पश्चिमी राजस्थान में 19-20 जून को धूलभरी आंधी चलने की संभावना है।
मध्य और पूर्वी भारत में बढ़ेगी बारिश
मध्य भारत में छत्तीसगढ़, पूर्वी और पश्चिमी मध्य प्रदेश, विदर्भ में 19 से 25 जून तक कहीं-कहीं बारिश होगी। 21 से 23 जून के बीच पश्चिमी मध्य प्रदेश में तेज हवाओं के साथ आंधी-तूफान आ सकता है। विदर्भ में 19 से 23 जून और छत्तीसगढ़ में 22-23 जून को गरज-चमक के साथ बरसात होगी।
पूर्वी भारत में अंडमान-निकोबार, पश्चिम बंगाल, सिक्किम और ओडिशा में 19 से 25 जून तक अच्छी बारिश होगी। बिहार और झारखंड में भी इसी दौरान रुक-रुक कर बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। इन इलाकों में बिजली कड़कने और तेज हवाओं का भी अनुमान है।
पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत में जोरदार बरसात
अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में अगले एक हफ्ते तक भारी बारिश का अलर्ट है। 19 से 23 जून के बीच इन राज्यों में आंधी-तूफान और बिजली गिरने की संभावना है।
दक्षिण भारत में भी मौसम बदला हुआ है। तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल और तेलंगाना में 19 से 25 जून तक हल्की से मध्यम बारिश होगी। कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, रायलसीमा और लक्षद्वीप में भी अगले कुछ दिनों तक बरसात जारी रहेगी।


