दिल्ली-NCR में अगले 2 घंटे में बदलेगा मौसम, IMD ने आंधी-बारिश का जारी किया येलो अलर्ट

इस दौरान हवा की रफ्तार 50 से 80 किमी प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि किसी एक जगह पर बारिश का दौर 30 से 45 मिनट तक रह सकता है।

Sachin Hari Legha

नई दिल्ली: दिल्ली-NCR में गर्मी और उमस से जूझ रहे लोगों के लिए राहत की खबर है। मौसम विभाग के मुताबिक, गुरुवार शाम 5 से 7 बजे के बीच दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद के कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ मध्यम से भारी बारिश हो सकती है।

इस दौरान हवा की रफ्तार 50 से 80 किमी प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि किसी एक जगह पर बारिश का दौर 30 से 45 मिनट तक रह सकता है। इसके बाद तापमान में गिरावट आएगी और मौसम थोड़ा सुहावना हो जाएगा।  

प्री-मानसून ने बदला मिजाज   

दिल्ली-NCR में दक्षिण-पश्चिम मानसून ने अभी दस्तक नहीं दी है, लेकिन प्री-मानसून एक्टिविटी के कारण मौसम लगातार बदल रहा है। IMD ने दिल्ली के साथ पंजाब और हरियाणा में भी अगले दो दिनों तक बारिश की संभावना जताई है। राजधानी में दिनभर आंशिक बादल छाए रहने और कुछ जगहों पर गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने के आसार हैं।  

पिछले दो दिनों की बारिश के बाद 17 जून को मौसम ने फिर करवट ली थी। तेज धूप निकलने से लोगों को उमस भरी गर्मी झेलनी पड़ी। उस दिन अधिकतम तापमान 38.1 डिग्री और न्यूनतम 23.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। हवा में नमी का स्तर 51 से 85 फीसदी के बीच रहा। बीते 24 घंटे में दिल्ली में 3 मिमी बारिश दर्ज हुई थी।  

आने वाले दिनों का हाल   

IMD का अनुमान है कि फिलहाल दिल्ली-NCR में बादलों की आवाजाही, हल्की बूंदाबांदी और तेज हवाओं का सिलसिला जारी रहेगा। गुरुवार को अधिकतम तापमान 37 से 39 डिग्री और न्यूनतम 25 से 27 डिग्री के बीच रहने की संभावना है।

कुछ इलाकों में 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी हवाएं चल सकती हैं। गाजियाबाद में बुधवार को लोगों को दिनभर चिलचिलाती धूप और उमस का सामना करना पड़ा। दोपहर में धूप तेज होने से गर्मी और बढ़ गई थी। शाम तक भी मौसम में ज्यादा बदलाव नहीं दिखा।  

दिल्ली-NCR की हवा अभी ‘मध्यम’ श्रेणी में   

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मुताबिक, गुरुवार सुबह दिल्ली का औसत AQI 132 दर्ज किया गया, जो मध्यम श्रेणी में आता है। फरीदाबाद का AQI 118, गुरुग्राम 122, गाजियाबाद 114, ग्रेटर नोएडा 125 और नोएडा का 128 रहा।

ज्यादातर इलाकों में AQI 100 से 200 के बीच बना हुआ है। कुछ जगहों पर ये 100 से नीचे भी चला गया है। मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि आंधी-तूफान के दौरान पेड़ और कमजोर संरचनाओं के पास न खड़े हों। बारिश शुरू होने पर वाहन धीमी गति से चलाएं।  

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो