अवतार फायर एंड बॉक्स ऑफिस कलेक्शन: जेम्स कैमरून की बहुप्रतीक्षित फिल्म अवतार: फायर एंड ऐश की कमाई की रफ्तार चौथे दिन धीमी पड़ती नजर आई. सोमवार को फिल्म को बॉक्स ऑफिस पर बड़ा झटका लगा, जिसके चलते यह वर्ल्डवाइड 400 मिलियन डॉलर का आंकड़ा पार नहीं कर पाई.
नॉर्थ अमेरिका में औसत शुरुआत के बाद फिल्म को एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय बाजार पर निर्भर रहना पड़ा. आमतौर पर अवतार फ्रेंचाइज़ी की फिल्मों को मजबूत वर्ड ऑफ माउथ का फायदा मिलता रहा है, लेकिन फायर एंड ऐश के मामले में पहले ही सोमवार को बड़ी गिरावट दर्ज की गई, जिसने ग्लोबल कलेक्शन पर सीधा असर डाला.
अवतार: फायर एंड ऐश ने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 88 मिलियन डॉलर की ओपनिंग के साथ शुरुआत की थी, जबकि पहले तीन दिनों में इसका वर्ल्डवाइड कलेक्शन 347 मिलियन डॉलर रहा. हालांकि, सोमवार को फिल्म की कमाई में भारी गिरावट आई और इसने अमेरिका में सिर्फ 13 मिलियन डॉलर ही जुटाए.
रविवार के मुकाबले सोमवार को 45 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई, जिसके चलते फिल्म घरेलू बॉक्स ऑफिस पर मुश्किल से 100 मिलियन डॉलर का आंकड़ा पार कर सकी. यह गिरावट फ्रेंचाइज़ी के पिछले ट्रेंड से अलग मानी जा रही है.
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी अवतार: फायर एंड ऐश की कमाई उम्मीद से कम रही. सोमवार को फिल्म ने ओवरसीज़ मार्केट से केवल 39 मिलियन डॉलर जोड़े. इसके साथ ही इंटरनेशनल कलेक्शन 296 मिलियन डॉलर तक पहुंच गया.
चार दिनों की कुल कमाई की बात करें तो फिल्म का वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस कलेक्शन अब 398.7 मिलियन डॉलर हो चुका है. इस तरह यह फिल्म 400 मिलियन डॉलर के आंकड़े को छूने से पहले ही रुक गई.
कमाई के लिहाज से अवतार: फायर एंड ऐश इस साल की तीसरी सबसे बड़ी ओपनर बन गई है. यह ज़ूटोपिया 2 और विकेड फॉर गुड जैसी रिकॉर्ड तोड़ शुरुआत करने वाली फिल्मों के बाद तीसरे स्थान पर है. हालांकि, फ्रेंचाइज़ी के अपने ही मानकों के हिसाब से यह प्रदर्शन कमजोर माना जा रहा है.
तुलना करें तो अवतार: द वे ऑफ़ वाटर ने अपने पहले चार दिनों में ही 500 मिलियन डॉलर से ज्यादा की कमाई कर ली थी. इस लिहाज से फायर एंड ऐश करीब 25 फीसदी पीछे चल रही है.
अवतार फ्रेंचाइज़ी में एक बार फिर जोई सलदाना और सैम वर्थिंगटन मुख्य भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं. कहानी दो ऐसे माता-पिता के इर्द-गिर्द घूमती है, जिन्हें अपने परिवार और अपने ग्रह की रक्षा के लिए लड़ना पड़ता है. इस तीसरे भाग में ऊना चैपलिन को एक नए विलेन के रूप में पेश किया गया है.
गौरतलब है कि 2009 में रिलीज हुई पहली अवतार फिल्म ने दुनियाभर में 2.9 बिलियन डॉलर का कारोबार किया था. वहीं, The द वे ऑफ़ वाटर ने 2.3 बिलियन डॉलर की कमाई की. फ्रेंचाइज़ी की चौथी और पांचवीं फिल्म 2029 और 2031 में रिलीज होने वाली हैं. First Updated : Wednesday, 24 December 2025