‘जिंदगी खुलकर जीना सीखो’, बेटी सारायाह के लिए कियारा का खास मैसेज

कियारा ने ने कहा कि वह अपनी बेटी सारायाह को जिंदगी अपने फैसलों के साथ खुलकर जीने की सीख देना चाहती हैं. एक्ट्रेस के मुताबिक, शादी करना या न करना पूरी तरह व्यक्तिगत फैसला होना चाहिए और हर रिश्ता इंसान को कुछ न कुछ सिखाता है.

Suraj Mishra
Edited By: Suraj Mishra

कियारा आडवाणी ने हाल ही में अपनी बेटी सारायाह की परवरिश और रिश्तों को लेकर अपनी सोच खुलकर साझा की. एक पॉडकास्ट बातचीत में एक्ट्रेस ने बताया कि वह चाहती हैं कि उनकी बेटी जिंदगी को अपने तरीके से जिए और किसी भी रिश्ते या शादी को लेकर समाज के दबाव में महसूस न करे. कियारा का कहना है कि हर इंसान को अपनी जिंदगी के फैसले खुद लेने की आजादी होनी चाहिए.

बेटी को लेकर कियारा ने क्या कहा? 

कियारा ने कहा कि वह कभी नहीं चाहेंगी कि उनकी बेटी को यह लगे कि उसे सिर्फ एक ही इंसान से प्यार करना है या उसी के साथ पूरी जिंदगी बितानी है. उनके मुताबिक, जिंदगी सिर्फ रिश्तों तक सीमित नहीं होती, बल्कि यह खुद को समझने और अनुभवों से सीखने का सफर भी है. उन्होंने साफ कहा कि अगर उनकी बेटी भविष्य में शादी करना चाहे तो वह उसका समर्थन करेंगी और अगर वह शादी न करने का फैसला लेती है तब भी वह उसके साथ खड़ी रहेंगी.

एक्ट्रेस ने अपने पुराने रिश्तों को लेकर भी खुलकर बात की. कियारा ने बताया कि उन्होंने जिंदगी में जिन लोगों को डेट किया, उस वक्त उन्हें लगा था कि शायद वही उनके जीवनसाथी बनेंगे. लेकिन समय के साथ उन्हें समझ आया कि जिंदगी हमेशा हमारी सोच के मुताबिक नहीं चलती. उन्होंने कहा कि आज वह खुश हैं कि आखिरकार उनकी शादी सिद्वार्थ मल्होत्रा से हुई, जिन्हें वह अपना सही जीवनसाथी मानती हैं.

कियारा के मुताबिक, जिंदगी में आने वाला हर रिश्ता इंसान को कुछ नया सिखाता है. अच्छे और बुरे अनुभव मिलकर ही किसी व्यक्ति को मजबूत बनाते हैं. उन्होंने कहा कि वह अपनी बेटी को यही सीख देना चाहेंगी कि गलतियां करना गलत नहीं है, बल्कि उनसे सीखना सबसे जरूरी बात है.

उन्होंने आगे कहा कि जीवन में कई फैसले ऐसे होते हैं, जो बाद में सही या गलत लग सकते हैं, लेकिन वही अनुभव इंसान को आगे बढ़ने में मदद करते हैं. कियारा चाहती हैं कि उनकी बेटी बिना डर के अपने फैसले ले और जिंदगी को खुलकर जिए.

सारायाह का जन्म कब हुआ? 

बता दें कि कियारा और सिद्धार्थ के घर 15 जुलाई 2025 को बेटी सारायाह का जन्म हुआ था. हालांकि कपल ने अब तक अपनी बेटी का चेहरा सार्वजनिक नहीं किया है, लेकिन दोनों अक्सर उसके लिए अपना प्यार जाहिर करते नजर आते हैं. वहीं, वर्कफ्रंट की बात करें तो कियारा जल्द ही Toxic: A Fairytale for Grownups में दिखाई देंगी.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो